चित्तौड़गढ़ में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 15 क्विंटल बारूद बरामद, 9 गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ के डूंगला थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर पुलिस ने करीब 15 क्विंटल बारूद, तैयार पटाखे और उपकरण जब्त किए। कार्रवाई में नौ आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग डिटेन और मुख्य मास्टरमाइंड नामजद किया गया।

चित्तौड़गढ़ के डूंगला थाना क्षेत्र स्थित खेत में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस छापे के दौरान बरामद किए गए पटाखे और सामग्री।
चित्तौड़गढ़ में डीएसटी और डूंगला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खेत में बने मकान में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मौके से करीब 15 क्विंटल बारूद, तैयार बारूदी पटाखे, पटाखा बनाने के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को डिटेन किया गया है। पुलिस ने घटना के मुख्य मास्टरमाइंड को भी नामजद किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि डूंगला थाना क्षेत्र में करसाना से गुर्जनियां जाने वाले मार्ग पर खेत में बने एक मकान में भारी मात्रा में बारूद, गंधक और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री का भंडारण किया गया है। सूचना में बताया गया कि वहां अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है।
सूचना विश्वसनीय होने पर एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में डीएसटी चित्तौड़गढ़ और डूंगला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने करसाना से गुर्जनियां जाने वाले रास्ते पर स्थित हिम्मतसिंह राजपूत के खेत में बने मकान पर नियमानुसार छापा मारा। तलाशी के दौरान मकान में बारूद का बड़ा जखीरा मिला। पुलिस ने पटाखा बनाने और उनकी पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, तैयार पटाखे, बारूदी नलियां और अन्य उपकरण जब्त किए।
पुलिस ने मौके से तैयार सुतली बम पटाखों से भरे तीन प्लास्टिक के कट्टे, नलियों वाले तैयार बारूदी पटाखों के नौ कट्टे, बारूद से भरे 14 कट्टे और दो कार्टन बरामद किए। इसके अलावा पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सुतली के 11 कट्टे मिले, जिनमें प्रत्येक में छह गठान थीं। खाली पटाखा नलियों से भरे कुल 25 कट्टे, पीले पाउडर के 15 कट्टे तथा अन्य सामग्री भी जब्त की गई। बरामद सामान में सुतली, गलु, बत्तियां, पेस्ट, प्लास्टिक के टब, पटाखों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले रैपर, रैपर लगी और बिना रैपर वाली बारूदी नलियां तथा पटाखा बनाने का कच्चा माल शामिल है।
पुलिस ने मौके पर अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित कर रहे नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो नाबालिगों को डिटेन किया। गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के हरदा जिले के रेटा खुर्द निवासी 23 वर्षीय प्रवेश नागले, 22 वर्षीय आदिल खान और 36 वर्षीय देवेंद्र नागले शामिल हैं। इसके अलावा मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के छोटा बोरगांव फतेहपुर निवासी 22 वर्षीय रविंद्र संखपाल, 19 वर्षीय करण संखपाल और 40 वर्षीय बाबू संखपाल को गिरफ्तार किया गया है।
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के सिकरपुरा थाना क्षेत्र के बाड़ा जैनाबाद निवासी 18 वर्षीय संतोष मसाने, गुजरात के दाहोद जिले के गरबाड़ा थाना क्षेत्र के मंडेर निवासी 21 वर्षीय रोहित भाटिया तथा मध्यप्रदेश के हरदा जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के उल्हरदा मोहल्ला, डबल फाटक निवासी 19 वर्षीय अरमान खान को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सुनसान जगह पर खेत में बने मकान में बिना अनुज्ञापत्र के बारूद का भंडारण कर अवैध रूप से पटाखा बनाने की फैक्ट्री शुरू की थी। वहां चोरी-छिपे पटाखे बनाए जा रहे थे और तैयार माल बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य मास्टरमाइंड और हैंडलर को नामजद किया है। बताया गया है कि वह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अपने खेत में एकांत स्थान पर फैक्ट्री संचालित कर रहा था और लोगों को हैंडल करता था।
पुलिस के अनुसार, यदि वहां विस्फोट हो जाता तो बड़े स्तर पर जान-माल का नुकसान होने की आशंका थी। डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार और उनकी टीम ने समय रहते कार्रवाई कर संभावित बड़ी विध्वंसक घटना को रोकने तथा जान-माल की सुरक्षा में भूमिका निभाई। मामले में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में डूंगला थाना पुलिस की ओर से एएसआई सुमेर सिंह, एएसआई बाबूलाल, हेड कांस्टेबल ललित कुमार तथा कांस्टेबल ओमप्रकाश, जितेंद्र, अनिल, जयप्रकाश, मेघचंद और रामधन शामिल रहे। डीएसटी चित्तौड़गढ़ की टीम में प्रभारी एएसआई सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, मनोज कुमार, अरविंद, जगदीश, कृष्णकांत, रमेश और अशोक शामिल थे। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में एएसआई सूरज कुमार और डीएसटी टीम की विशेष भूमिका रही।

Praveen Mehta, Dungla
नाम: प्रवीण मेहता
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातकाल)
कार्यक्षेत्र: डूंगला उपखंड, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, और राजनीति
परिचय
प्रवीण मेहता राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले डूंगला उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय राजनीति, घटना-दुर्घटना और जनहित से जुड़े कार्यों की रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना और सामाजिक सरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
प्रवीण मेहता को प्रिंट और डिजिटल मीडिया में दो दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- जय राजस्थान, मेवाड़ी मीरा, और जननायक: वर्ष 2002 में इन समाचार पत्रों में कार्य किया।
- दैनिक दशपुर एक्सप्रेस: वर्ष 2006 से लगातार 12 वर्षों तक इस समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक भास्कर: वर्ष 2008 से 2012 तक संवाददाता और एजेंसी के रूप में कार्य किया।
- प्रातकाल: वर्ष 2018 से वर्तमान तक लगातार 'प्रातकाल' समाचार पत्र के संवाददाता के रूप में डूंगला क्षेत्र में कार्यरत हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 10वीं कक्षा तक पूरी की है।
