हिस्ट्रीशीटर चिराग खटीक की हत्या की साजिश नाकाम, हथियारों संग 6 बदमाश गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ में ए-श्रेणी हिस्ट्रीशीटर चिराग खटीक की हत्या की योजना बना रही गैंग के छह सदस्य गिरफ्तार हुए। राशमी में दबिश के दौरान हथियार, कारतूस और दो वाहन जब्त किए गए।

तस्वीर में राशमी पुलिस द्वारा कार्रवाई के दौरान जब्त की गई एक काली क्रेटा कार और inset में बरामद हथियार दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ सदर थाने के ए-श्रेणी हिस्ट्रीशीटर चिराग खटीक की हत्या की योजना बना रही गैंग के छह सदस्यों को राशमी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक रिवॉल्वर मय चार जिंदा कारतूस, धारदार हथियार तथा घटना में प्रयुक्त क्रेटा और स्विफ्ट कार जब्त की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में मामला आपसी वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा होना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार गैंग में दो बदमाश राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ और चार बदमाश सूरत, गुजरात के हैं। इस गैंग ने पूर्व में सूरत, गुजरात के व्यवसायी कोमिल अनवर अली निवासी उमरा, सूरत को सुबह जिम जाते समय टक्कर मारकर नीचे गिराया था। इसके बाद उसका अपहरण कर एक करोड़ रुपये की फिरौती वसूल की थी। इस मामले में सूरत पुलिस ने गैंग के सदस्यों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया था। सूरत पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूरत, गुजरात पुलिस पर फायरिंग भी की थी।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को थानाधिकारी राशमी गेहरी लाल गुर्जर को मुखबिर तथा जिला स्पेशल टीम के एएसआई सूरज कुमार और हैडकानि भूपेन्द्र सिंह से सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ सदर थाने के हिस्ट्रीशीटर चिराग पिता लोकेश खटीक निवासी सेंगवा हाउसिंग बोर्ड, सेंती को जान से मारने के लिए राहुल खटीक निवासी राशमी की गैंग चित्तौड़गढ़ में चिराग को ढूंढ रही है। सूचना मिली कि उक्त गैंग हथियारों से लैस होकर अभी राशमी कस्बे में आ सकती है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और डीएसपी गंगरार उदय सिंह चुण्डावत के निकट सुपरविजन में कार्रवाई की गई। थानाधिकारी गेहरी लाल गुर्जर मय जाप्ता ने कस्बा राशमी में राहुल खटीक के मकान पर दबिश दी और छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने राहुल खटीक के कब्जे से एक देशी कट्टा मय दो जिंदा कारतूस, अजय भरवाड़ के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर मय दो जिंदा कारतूस बरामद किए। चिराग यादव, फैजान उस्मानी, काना रविन्द्र और राहुल कीर के कब्जे से लोहे के धारदार हथियार जब्त किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो वाहन क्रेटा कार और स्विफ्ट कार भी जब्त की हैं।
पुलिस ने उक्त गैंग के विरुद्ध संगठित अपराध की तैयारी और आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। गैंग के छह सदस्यों से संगठित अपराध की कार्ययोजना तथा जब्त हथियारों और वाहनों के संबंध में विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।
कार्रवाई में थानाधिकारी राशमी, डीएसटी के एएसआई सूरज कुमार, हैडकानि भूपेन्द्र सिंह, राजदीप सिंह, हैडकानि हजारी लाल, कांस्टेबल नानू लाल, सुरेश चंद, अर्जुन लाल, विष्णु कुमार, घनश्याम, सुरेश चन्द्र मेनारिया तथा डीएसटी के कांस्टेबल दुर्गाराम, विजय और दीपक का सहयोग रहा।
पुलिस के अनुसार गैंग का टारगेट हिस्ट्रीशीटर चिराग खटीक के विरुद्ध भी कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह पुलिस थाना सदर का ए-श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। प्रथम दृष्टया इस घटना का मुख्य कारण आपसी वर्चस्व की लड़ाई बताया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से हत्या की योजना, गैंग की भूमिका और जब्त हथियारों व वाहनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
