राजस्थान के ऐतिहासिक शहर चित्तौड़गढ़ में बूंदी रोड स्थित हजरत किबला उस्ताद सा. रहमतुल्लाह अलैहे का 740वां उर्स मुबारक मंगलवार को पूरी अकीदत और मजहबी रवायतों के साथ शुरू हो गया। उर्स का विधिवत शुभारंभ झंडे की रस्म अदायगी के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। सज्जादा नशीन मोहम्मद सलीम अशरफी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस पवित्र मौके पर अशरफी साहब के दोनों नवासे सज्जादानशीन मोहम्मद सलीम अशरफी और मोहम्मद युसुफ अशरफी सहित मौलाना मोहम्मद इब्राहीम अशरफी के सुपुत्र मौलाना मोहम्मद उमेर अशरफी ने मुख्य भूमिका निभाई।

रस्म के दौरान हजरत काजी चलफिर शाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह शरीफ मस्जिद के शाही इमाम, नायब शहर काजी मौलाना मुफ्ती उस्मान अशरफी अलअजहरी, मौलाना जुबेर अशरफी अलअजहरी और दरगाह गेबी पीर साहब के सदर जुल्फकार मास्टर ने सामूहिक रूप से झंडे की रस्म अदा की। इससे पूर्व, मौलाना मुफ्ती उस्मान अशरफी अलअजहरी, मौलाना जुबेर अशरफी अलअजहरी, मौलाना जुनेद अशरफी, मोहम्मद शोएब और मोहम्मद उजेर अशरफी झंडा शरीफ को हजरत सैय्यद सरदार अहमद अशरफी साहब की खानकाह से लेकर गाजे-बाजे के साथ दरगाह पहुंचे।

आध्यात्मिक उल्लास के इस माहौल में सज्जादानशीन सलीम अशरफी, सज्जादानशीन युसुफ अशरफी, मौलाना उमेर, मौलाना मुफ्ती उस्मान अशरफी, मौलाना हसनेन बरकाती और खलील बरकाती ने अत्यंत भावपूर्ण ढंग से नातिया कलाम, फातिहा और सलातो सलाम का नजराना पेश किया। इस विशेष अवसर पर सामूहिक दुआ का आयोजन किया गया, जिसमें मुल्क हिन्दुस्तान में अमनो-अमान, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में अब्दुल सलाम, अब्दुल हमीद मंसुरी, जाहिद खान, अतिर्कुरहमान, गुलामनबी छीपा, मोहम्मद उमर छीपा, आसिफ छीपा, मोहम्मद शरीफ छीपा सहित अशरफी साहब के अनेक मुरीदीन और मोतकीदीन उपस्थित रहे।

खानकाह कादरिया चिश्तिया अशरफिया की ओर से हजरत किबला उस्ताद सा. रहमतुल्लाह अलैह, हजरत मामु भान्जा साहब रहमततुल्लाह और हजरत सैय्यद सरदार अहमद अशरफी रहमतुल्लाह अलैह के आस्ताने पर अकीदत की चादर पेश की गई। उर्स के कार्यक्रम के अनुसार, आज रात्रि 10 बजे से 2 बजे तक महफिले मिलाद शरीफ का आयोजन होगा, जिसमें तकरीर और नातिया कलाम के जरिए सूफी परंपराओं का बखान किया जाएगा। उर्स का समापन कल दोपहर 01 बजे कुल की रस्म के साथ होगा, जो इस आध्यात्मिक उत्सव के चरमोत्कर्ष को रेखांकित करेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story