मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अपने सवा दो वर्ष के कार्यकाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अनेक प्रभावी निर्णय लिए हैं। प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया तथा योजनाओं की निगरानी को सुदृढ़ किया गया है। सड़क, बिजली, पानी सहित शहरी और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा बड़े पैमाने पर विकास कार्यों के लिए बजट आवंटन कर विभिन्न परियोजनाएं प्रारंभ की गई हैं।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने गुरुवार को ग्राम धीरजी का खेड़ा और गांगा गुढ़ा में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रभावी निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र चित्तौड़गढ़ के प्रत्येक गांव में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

यह कार्यक्रम प्रदेश में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित कृषक, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी वेन के माध्यम से चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत आयोजित किया गया। विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी मोबाइल एलईडी वेन, साहित्य और प्रचार सामग्री के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है।

ग्राम धीरजी का खेड़ा और गांगा गुढ़ा में विकास रथ के आगमन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विधायक आक्या ने जनसुनवाई करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया, जिससे कार्यक्रम को प्रभावी जनसंवाद का रूप मिला।

कार्यक्रम में तहसीलदार शिवसिंह, भदेसर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हीरालाल रायका, बगदीराम रायका, मंगलसिंह, मुकेश गिरी, लक्ष्मणसिंह, पप्पुसिंह, गणपत जाट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। यह आयोजन राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story