चित्तौड़गढ़: नगर परिषद की सफाई व्यवस्था ठप, कलेक्ट्रेट में कचरे के ढेर
नगर परिषद की अनदेखी से चित्तौड़गढ़ के रिहायशी इलाकों में सफाई प्रभावित, जाम नालियों से फैला बीमारी का खतरा।

चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में गाड़ियों के पास बिखरे कचरे में मवेशी घूमते हुए।
चित्तौड़गढ़। ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी चित्तौड़गढ़ में नगर परिषद की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के अधिकांश इलाकों में नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से गलियों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं। इससे स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जनसमस्याओं के निवारण का जिम्मा संभालने वाला प्रशासन इस स्थिति से बेखबर नजर आ रहा है।
सफाई व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिला मुख्यालय के महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र कलेक्ट्रेट परिसर में भी गंदगी पसरी हुई है। कलेक्ट्रेट परिसर में जगह-जगह बिखरा कचरा, प्लास्टिक की थैलियां और बदबूदार वातावरण सफाई व्यवस्था की स्थिति को सामने ला रहे हैं। जिस परिसर से पूरे जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं का संचालन होता है, वहां भी कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर से प्रतिदिन जिले के आला प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के जिला प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों कर्मचारियों का आवागमन होता है। इसके अलावा सैकड़ों ग्रामीण भी अपनी समस्याएं लेकर प्रतिदिन कलेक्ट्रेट पहुंचते हैं। इसके बावजूद परिसर में पसरी गंदगी पर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जाना या इसे नजरअंदाज किया जाना कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े करता है।
कलेक्ट्रेट परिसर जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर सफाई व्यवस्था के ये हालात शहर की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चिंता बढ़ाते हैं। जब जिला मुख्यालय का प्रमुख प्रशासनिक परिसर ही कचरे और गंदगी से अछूता नहीं है, तो शहर के विभिन्न रिहायशी इलाकों और बाजारों में सफाई व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
शहर के कई इलाकों में नियमित सफाई नहीं होने से नालियां जाम होने की स्थिति सामने आ रही है। गंदगी के बीच बीमारी फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। ऐसे में कलेक्ट्रेट परिसर समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
