चित्तौड़गढ़ स्थापना दिवस: सुभाष चौक पर 'चित्तौड़ी आठम' का भव्य आयोजन
चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति द्वारा दीप प्रज्वलन, रंगोली और संतों के सानिध्य में सांस्कृतिक गौरव व गौ रक्षा संकल्प के साथ मनाया गया स्थापना दिवस।

चित्तौड़गढ़ के स्थापना दिवस ‘चित्तौड़ी आठम’ पर सुभाष चौक में दीप प्रज्वलित कर गौरवशाली इतिहास को नमन करते संतगण, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक।
शक्ति, भक्ति, त्याग और बलिदान की केसरिया वीर भूमि चित्तौड़गढ़ का स्थापना दिवस ‘चित्तौड़ी आठम’ शुक्रवार सायं भव्य और श्रद्धामय वातावरण में मनाया गया। चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति के तत्वावधान में सुभाष चौक पर आयोजित कार्यक्रम ने ऐतिहासिक गौरव और सांस्कृतिक आस्था का जीवंत संगम प्रस्तुत किया।
समिति द्वारा सुभाष चौक पर ‘जय चित्तौड़, जय मेवाड़’ लिखकर विशाल और आकर्षक रंगोली बनाई गई तथा दीप प्रज्वलित कर वातावरण को आलोकित किया गया। मेवाड़ के आराध्य एकलिंगनाथ, कालिकामाता, बाणमाता, सांवरा सेठ एवं महापुरुषों के चित्रों पर संतों सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्प अर्पित कर चित्तौड़गढ़ के गौरवशाली इतिहास को नमन किया। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई और प्रसाद वितरण किया गया।
समिति के कुलदीप पारीक ने बताया कि कार्यक्रम महामंडलेश्वर संत अनुजदास महाराज, रामद्वारा संत दिग्विजयराम, संत विनोद यति और प्रशासनिक संत हरेकृष्णा प्रभु के सानिध्य में आयोजित हुआ। संतों ने अपने संबोधन में चित्तौड़गढ़ के गौरवशाली इतिहास और गौ माता के महत्व पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की शुरुआत चतरूलाल न्याति और बृजेश कुमार राठौड़ द्वारा चित्तौड़गढ़ पर कविता पाठ से हुई।
कार्यक्रम में सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत, सुरेश झंवर, चित्तौड़ी आठम समिति के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश नाहटा, देवेन्द्र कुंवर, राधेश्याम आमेरिया, डॉ. योगेश व्यास, मनोज सोनी, तेजपाल सिंह शक्तावत, सतपाल दुआ, पुष्कर नराणिया, रघु शर्मा और यशवंत पुरी सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप में मनाने के सुझाव दिए।
इस आयोजन में आरएसएस, वरिष्ठ नागरिक मंच, पेंशनर समाज, व्यापार संघ, भाजपा, कांग्रेस, विश्व हिन्दू परिषद, हिन्दू जागरण मंच, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सद्भावना मंच, भारतीय मजदूर संघ, शिवसेना, दुर्गावाहिनी, राष्ट्रीय सेविका समिति, जौहर स्मृति संस्थान, बजरंग सेवा समिति, स्वदेशी जागरण मंच, सहकार भारती, सेवा भारती, विद्या भारती, करणी सेना, क्षत्रिय महासभा, आर्ट ऑफ लिविंग, प्रताप स्पोर्ट्स क्लब, गायत्री परिवार, एनएसयूआई, भारतीय युवा मोर्चा, युवक कांग्रेस, परशुराम सेना, सक्षम, मातृशक्ति, अम्बेडकर विचार मंच, मीरा स्मृति संस्थान, महावीर चेतना मंच, भारत विकास परिषद, किसान संघ, विरासत विकास संस्थान, लायन्स क्लब, वात्सल्य संस्थान, मातेश्वरी गो कृपा केन्द्र, महिला मोर्चा और दीनदयाल उपाध्याय मंच सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संतों ने ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत 27 अप्रैल को सुबह साढ़े 9 बजे सुभाष चौक से कलेक्ट्री चौराहा तक आयोजित रैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आह्वान किया। साथ ही प्रत्येक तहसील स्तर पर दिए जाने वाले ज्ञापन में भी जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। यह आयोजन चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सहभागिता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
