जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने दुर्ग क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर एफआईआर और ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए, साथ ही यातायात व स्वच्छता प्रबंधन की समीक्षा की।

विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई, यातायात सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने भारतीय पर्यटन एवं पुरातत्व विभाग सहित नगर परिषद और यूआईटी के अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में हिल फोर्ट के अंतर्गत दुर्ग क्षेत्र में विकसित की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने पर्यटकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत साज-सज्जा एवं यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक के दौरान किले क्षेत्र में सामने आए अवैध निर्माणों के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने तथा अवैध निर्माणों को तत्काल ध्वस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अवैध निर्माणों की विस्तृत सूची तैयार कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में किले क्षेत्र की समग्र व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, आयुक्त रविंद्र यादव सहित पर्यटन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

दुर्ग क्षेत्र के संरक्षण, सुव्यवस्था और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार को लेकर लिए गए इन निर्णयों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा और पर्यटन प्रबंधन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story