दुर्ग पर लपकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, बिना लाइसेंस गाइडिंग करने वाले 8 व्यक्ति डिटेन
चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर पुलिस के विशेष अभियान में बिना लाइसेंस गाइडिंग करने वाले 8 व्यक्ति डिटेन हुए। प्रमुख पर्यटक स्थलों पर निगरानी बढ़ी।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ दुर्ग मार्ग पर पुलिसकर्मी गश्ती वाहनों और मोटरसाइकिलों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हुए नजर आ रहे हैं।
विश्व धरोहर में शामिल चित्तौड़गढ़ ऐतिहासिक दुर्ग पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस ने लपकों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, क्यूआरटी और थाना कोतवाली की स्पेशल टीम ने दुर्ग क्षेत्र में सघन चेकिंग, निगरानी और गश्त की। अभियान के दौरान बिना लाइसेंस गाइडिंग करने वाले 08 व्यक्तियों को डिटेन किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने दुर्ग के प्रमुख प्रवेश द्वारों और पर्यटक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी। ओछड़ी गेट, पांडन पोल, व्यू प्वाइंट, सूरजपोल और रामपोल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल ने लगातार गश्त एवं निगरानी की।
पुलिस ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई, जो बिना वैध लाइसेंस अथवा अधिकृत अनुमति के पर्यटकों को गाइड करने का कार्य कर रहे थे और उनसे अनावश्यक रूप से संपर्क कर उन्हें परेशान कर रहे थे।
अभियान के दौरान पुलिस ने हिमेश भाण्ड निवासी खटीक मोहल्ला, शिवम भाण्ड निवासी जूना बाजार, सोनू उर्फ सनी भाण्ड निवासी ढोली मोहल्ला, सदर बाजार, जितेन्द्र सालवी निवासी दुर्ग, शाहरूख मोहम्मद निवासी पावटा चौक, ओवेश लोहार निवासी लोहार मोहल्ला, सोहेल खान निवासी बलाइयों की कुई एवं राहुल गहलोत निवासी नाला बाजार को डिटेन किया।
पुलिस की इस कार्रवाई के तहत दुर्ग के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर निगरानी बढ़ाकर बिना वैध लाइसेंस या अधिकृत अनुमति के गाइडिंग करने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई, जिससे पर्यटकों की सुविधा और सुगम पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
