चित्तौड़गढ़ दुर्ग को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिला कलक्टर ने दिए निर्देश
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने दुर्ग पर स्वच्छता, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और 'एक जिला-एक पर्यटन स्थल' योजना के तहत सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण की समीक्षा की।

चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट चेंबर में जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान अधिकारी और गाइड यूनियन प्रतिनिधि दुर्ग की स्वच्छता रणनीति पर चर्चा करते हुए।
चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में कलेक्टर चेंबर में दुर्ग एवं शहर की सफाई व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं गाइड यूनियन के साथ बैठक आयोजित की गई।
पर्यटक सुविधाओं और स्वच्छता पर चर्चा
बैठक में दुर्ग पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं दुर्ग की स्वच्छ व सकारात्मक छवि बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए शीघ्र विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “दुर्ग पर आने वाले पर्यटक यहां से अच्छी छवि लेकर जाएं, इसके लिए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।”
अभियान की रूपरेखा और जन-जागरूकता
दुर्ग को प्लास्टिक मुक्त बनाने हेतु नगर परिषद एवं यूआईटी द्वारा संयुक्त रूप से अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके तहत जागरूकता अभियान चलाकर आमजन एवं पर्यटकों को कपड़े की थैलियों का वितरण किया जाएगा। जिला कलक्टर ने नगर परिषद को दुर्ग एवं शहर क्षेत्र में नियमित, प्रभावी एवं व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पर्यटकों एवं आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।”
बुनियादी ढांचे का विकास और सौंदर्यीकरण
बैठक में ‘एक जिला-एक पर्यटन स्थल’ योजना के अंतर्गत जिले को स्वीकृत दो सुलभ कॉम्प्लेक्स के संबंध में भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने बताया कि स्वीकृत बजट के तहत दुर्ग क्षेत्र में एक सुलभ कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए। इसके साथ ही उन्होंने दुर्ग के ऐतिहासिक स्थलों एवं इमारतों पर उपयुक्त साइनेज लगाने, एकत्रित कचरे के समुचित निस्तारण तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में निम्नलिखित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे:
- अति कलक्टर प्रभा गौतम
- मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक
- अति कलक्टर भू-अ रामचंद्र खटीक
- उपखंड अधिकारी बीनू देवल
- नगर परिषद प्रशासक कैलाश चंद्र गुर्जर
- पुरातत्व विभाग एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी
- गाइड यूनियन के प्रतिनिधि

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
