राजस्थान के ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित भगवान मल्लिनाथ दिगंबर जैन मंदिर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने गुरुवार रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट के ताले तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और भगवान महावीर स्वामी व भगवान शांतिनाथ की 9-9 इंच की दो बहुमूल्य अष्टधातु की प्रतिमाएं चुरा लीं। प्रतिमाओं के साथ ही चोरों ने करीब 4 किलो चांदी से निर्मित नौ छत्र, दो चांदी के सिंहासन, दो प्लेट, दो चंवर और बेदी से पांच पंचमेरू पर भी हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, मंदिर में रखे गल्ले को तोड़कर उसमें जमा अज्ञात नकदी भी निकाल ली गई। वारदात की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे तब मिली जब जैन समाज के संजय जैन पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। वहां ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए, जिसके बाद उन्होंने तत्काल समाज के प्रतिनिधियों और पुलिस को सूचित किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह और कोतवाली थाने का जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी (मोबाइल ऑयल बैक्टीरियोलॉजी) टीम को तलब किया। समाज के महेंद्र टोंग्या ने बताया कि मंदिर की सुरक्षा के लिए सेवक उदयलाल दिनभर तैनात रहता है और शाम को ताले लगाकर जाता है। चोरों ने मुख्य गेट के तीन ताले और भीतर के दो ताले तोड़कर इस इत्मीनान से चोरी की कि महज 30-40 कदम की दूरी पर केबिन में तैनात पुरातत्व विभाग का चौकीदार सोता ही रह गया। संजय जैन जब सुबह मौके पर पहुंचे, तब भी चौकीदार गहरी नींद में था, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद जगाया गया।

उल्लेखनीय है कि मल्लिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहले भी तीन बार चोरों का निशाना बन चुका है और यह चौथी वारदात है। पूर्व में हुई चोरियों के दौरान भी काफी बवाल हुआ था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में सुधार न होने के कारण समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गई प्रतिमाओं की बरामदगी और दुर्ग स्थित मंदिरों की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने समाज की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story