चित्तौड़गढ़ दुर्ग में विकास कार्यों का सांसद सीपी जोशी ने किया निरीक्षण
सांसद सीपी जोशी ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग में प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग और वेबकोष योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।

सांसद सीपी जोशी (बाएं) चित्तौड़गढ़ दुर्ग के विकास कार्यों और वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं का निरीक्षण करते हुए।
। सांसद सीपी जोशी ने बुधवार को चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुर्ग के सूरजपोल मार्ग के पीछे संभावित वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की संभावनाओं का भी जायजा लिया और मौके पर उपस्थित पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद जोशी ने अधीक्षण पुरातत्वविद, जोधपुर अजहर आलम हाशमी, संरक्षण सहायक प्रेमचंद शर्मा एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सूरजपोल क्षेत्र से वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने वेबकोष योजना के अंतर्गत दुर्ग क्षेत्र में अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चतरंग मोरी क्षेत्र में गार्डन विकसित करने, पर्यटकों एवं यात्रियों के लिए भोजन बनाने हेतु शेड निर्माण तथा आवश्यक टॉयलेट ब्लॉक विकसित करने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
सांसद सीपी जोशी ने बताया कि देश के 15 प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में चित्तौड़गढ़ दुर्ग के चयन के बाद दुर्ग के समग्र विकास के लिए लगभग 108 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन योजनाओं के माध्यम से दुर्ग क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का कार्य किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पद्मिनी महल परिसर में इतिहास आधारित विकसित की जाने वाली गैलरी का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने गैलरी की रूपरेखा, निर्माण कार्य एवं पर्यटकों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग भारत की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है और केंद्र सरकार इसके संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नया आयाम प्राप्त होगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
