म्हारो पावन चित्तौड़ अभियान: दुर्ग क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने के निर्देश
चित्तौड़गढ़ में “म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान के तहत जिला कलक्टर आलोक रंजन ने पांडल पोल के पास झरनेश्वर महादेव क्षेत्र का निरीक्षण कर स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। झाड़ियों की सफाई, सीसीटीवी लगाने, अवैध गतिविधियों पर रोक और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर प्रशासन ने जोर दिया।

चित्तौड़गढ़। “म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान के तहत ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र की विरासत को संवारने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार प्रातः जिला कलक्टर आलोक रंजन ने दुर्ग के मुख्य द्वार पांडल पोल के समीप स्थित झरनेश्वर महादेव क्षेत्र का निरीक्षण कर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन ने कहा कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग केवल ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं, बल्कि प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे में “म्हारो पावन चित्तौड़” अभियान के माध्यम से दुर्ग क्षेत्र की स्वच्छता, सौंदर्य और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यह स्थान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक और दर्शनीय बन सके।
उन्होंने बताया कि इस दिशा में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और आमजन के सुझावों के आधार पर कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय सांसद सी.पी. जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या भी समय-समय पर दुर्ग क्षेत्र की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव देते रहे हैं और उसी दिशा में जिला प्रशासन सकारात्मक प्रयास कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान झाड़ियों के कारण फैल रही गंदगी और अव्यवस्था को देखते हुए जिला कलक्टर ने यूआईटी सचिव और नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई कराई जाए तथा झाड़ियों को हटाया जाए, ताकि दुर्ग क्षेत्र का सौंदर्य निखरे और किसी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर रोक लग सके।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी दुर्ग क्षेत्र को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आवश्यक स्थानों पर दरवाजे-खिड़कियां लगाने की मांग रखी। साथ ही झाड़ियों वाले स्थानों पर ऐसी व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया, जिससे वहां नशा आदि जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिला कलक्टर ने कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम प्रजापति को निर्देशित किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक गतिविधि न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर टीम गठित कर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि दुर्ग क्षेत्र पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान कर सके। उन्होंने झरनेश्वर महादेव मंदिर के पास जमा हो रही गंदगी को तत्काल साफ करवाने के निर्देश भी दिए।
वहीं मंदिर क्षेत्र में आने वाले संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए शौचालय निर्माण की मांग भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान आयुक्त प्रशिक्षु आईएएस रविंद्र कुमार मेघवाल, अति कलक्टर रामचंद्र खटीक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल को ऐतिहासिक दुर्ग क्षेत्र की स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यटन आकर्षण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
