चित्तौड़गढ़ जिले ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य के आधार पर राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई 2026 को आयोजित वर्चुअल राज्य स्तरीय समारोह में इस उपलब्धि के लिए जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।

समारोह में माननीय प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने चित्तौड़गढ़ जिले को प्रशस्ति पत्र तथा 18 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। वहीं उप जिला चिकित्सालय रावतभाटा को भी जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

यह उपलब्धि जिला कलेक्टर एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन, प्रभावी रणनीतियों और बेहतर प्रबंधन का परिणाम बताई गई। जिला अधिकारियों के नेतृत्व में चिकित्सा विभाग ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक परिवार कल्याण और जनसंख्या नियंत्रण का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाते हुए उल्लेखनीय कार्य किया।

जिले में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली पंचायत समिति बड़ीसादड़ी, सीएचसी जावदा तथा पीएचसी मंडलाचरण ने भी जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक पंचायत समिति में से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों में किरतपुरा (बड़ीसादड़ी), समारियांकलां (बेंगू), धीरजी का खेड़ा (भदेसर), मुरला (भोपालसागर), बड़ोदिया (चित्तौड़गढ़), देलवास (डुंगला), गोवलिया (गंगरार), रामथली (कपासन), जावदा (निम्बाहेड़ा), सौमरवालो का खेड़ा (राशमी) तथा सणिता (भेंसरोड़गढ़) शामिल रहीं।

इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. ताराचंद गुप्ता (सीएमएचओ), डॉ. घनश्याम चावला (अति. सीएमएचओ), डॉ. राकेश भटनागर (डीटीओ), डॉ. कमलेश शर्मा (डीपीसी), श्री विनोद गन्ना (सांख्यिकी अधिकारी), नरपत सिंह (सहा. सांख्यिकी अधिकारी), सचिन अग्रवाल (डीएएम), खुशवंत हिंडोनिया (डाटा मैनेजर) तथा आशिक खान (डीइओ) ने पुरस्कार प्राप्त कर कार्यक्रम में सहभागिता की। लगभग 15 वर्ष बाद चित्तौड़गढ़ जिले को प्राप्त हुई यह बड़ी उपलब्धि जिले की चिकित्सा सेवाओं के प्रति समर्पण और जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में किए गए प्रभावी कार्यों का परिणाम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story