जिले में उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा यूरिया की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं एवं संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कृषि अधिकारी कपासन हीरालाल सालवी एवं प्रशांत कुमार जाटोलिया ने मैसर्स अंकित फर्टिलाइजर्स, डिंडोली (राशमी) के विक्रय परिसर की जांच की। जांच में प्रतिष्ठान पर मूल्य सूची एवं स्टॉक रजिस्टर निर्धारित प्रारूप में नहीं पाए गए। स्टॉक रजिस्टर प्राधिकृत अधिकारी से प्रमाणित भी नहीं था तथा विक्रय किए गए उर्वरकों का रिकॉर्ड भी संधारित नहीं किया गया था। इसके साथ ही मौके पर उपलब्ध उर्वरक स्टॉक में भी अंतर पाया गया।

इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए कृषि अधिकारी हीरालाल सालवी द्वारा प्रतिष्ठान के उर्वरक अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) के निलंबन की अनुशंसा की गई। अनुशंसा के आधार पर गुरुवार 14 मई को मैसर्स अंकित फर्टिलाइजर्स, डिंडोली (राशमी) का उर्वरक अनुज्ञापत्र निलंबित कर दिया गया।

इसी क्रम में कृषि अधिकारी मिशन चित्तौड़गढ़ रामजस खटीक द्वारा ग्राम सेवा सहकारी समिति पांडोली का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मूल्य सूची एवं स्टॉक रजिस्टर निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध नहीं पाए गए तथा विक्रय किए गए उर्वरकों का रिकॉर्ड संधारित नहीं होने पर समिति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कृषि विभाग ने जिले के समस्त आदान विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे नियमानुसार ही उर्वरकों एवं अन्य कृषि आदानों का विक्रय करें, प्रत्येक कृषक को अनिवार्य रूप से बिल उपलब्ध कराएं तथा सभी आवश्यक दस्तावेज प्रतिष्ठान पर संधारित रखें।

संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. शंकर लाल जाट ने कृषकों से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार ही उर्वरकों की खरीद करें तथा अनावश्यक अग्रिम भंडारण से बचें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। यह अभियान जिले में पारदर्शिता और नियंत्रित वितरण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story