चित्तौड़गढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब धनेत रेल्वे पुलिया के नीचे झाड़ियों में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान गंगरार क्षेत्र के भातखेड़ा निवासी लालानाथ (पिता मांगू नाथ) के रूप में हुई है। परिजन और ग्रामीण इस घटना को हत्या बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, लालानाथ दो दिन पूर्व अपनी मां को चंदेरिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था, जिसके बाद से वह लापता था। लगातार खोजबीन के बावजूद जब वह नहीं मिला, तो परिजनों व ग्रामीणों ने व्यापक तलाश शुरू की। गुरुवार को झाड़ियों में शव मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में युवक के गले में फंदा और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और भी गहरा गई।

घटना की जानकारी पर पुलिस उपाधीक्षक विनय पाठक मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम की सहायता से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव को जिला चिकित्सालय के शवगृह में रखकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।

शुक्रवार सुबह शवगृह के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्रित हो गए। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और शव लेने से इनकार कर दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक विनय पाठक, गंगरार तहसीलदार शिवकन्या और थानाधिकारी डी.पी. दाधिच ने समझाइश का प्रयास कर आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जाएगी और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शव लेने को तैयार हुए।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले में गंभीरता से जांच में जुटी है और हत्या के कारणों व आरोपियों की पहचान के लिए सुरागों को खंगाला जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। परिजनों को अब सिर्फ इंसाफ की उम्मीद है।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story