राष्ट्रीय खनन सम्मेलन: चित्तौड़गढ़ के 'एकलव्य ज्ञान केंद्र' की सराहना
नई दिल्ली में आयोजित समिट में केंद्रीय मंत्री जी कृष्णा रेड्डी ने डीएमएफ निधि के प्रभावी उपयोग के लिए चित्तौड़गढ़ के शैक्षिक नवाचारों को अनुकरणीय मॉडल बताया।

नई दिल्ली/निम्बाहेड़ा। खनन मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में नई दिल्ली स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन में चित्तौड़गढ़ जिले के विकास मॉडल ने अमिट छाप छोड़ी है। 23-24 मार्च 2026 को आयोजित इस महत्वपूर्ण समिट का मुख्य केंद्र “आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) निधि का प्रभावी उपयोग” रहा, जिसमें चित्तौड़गढ़ के नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय खनन एवं कोयला मंत्री जी कृष्णा रेड्डी ने स्पष्ट किया कि डीएमएफ निधि का प्राथमिक उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आधारभूत ढांचे को सशक्त करना है। इसी विजन को धरातल पर उतारते हुए चित्तौड़गढ़ की ओर से नीति आयोग के एबीएफ राधाकिशन शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद मूंदड़ा और खनिज विभाग के विशाल जोशी ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
राष्ट्रीय प्रदर्शनी में चित्तौड़गढ़ द्वारा स्थापित स्टॉल सम्मेलन का मुख्य आकर्षण बना रहा, जहां 'एकलव्य ज्ञान केंद्र' पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस वृत्तचित्र के माध्यम से यह दिखाया गया कि कैसे खनन प्रभावित और आकांक्षी क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी नवाचार किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री जी कृष्णा रेड्डी ने स्वयं स्टॉल का अवलोकन कर डीएमएफटी के कार्यों की गहन जानकारी ली। इस दौरान एबीएफ राधाकिशन शर्मा ने जिले में संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी परियोजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। मंत्री रेड्डी ने “एकलव्य ज्ञान केंद्र” पहल को अनुकरणीय बताते हुए इसे डीएमएफ निधि के सफल और पारदर्शी उपयोग का एक उत्कृष्ट वैश्विक उदाहरण करार दिया। यह उपलब्धि चित्तौड़गढ़ के प्रशासनिक विजन और खनन प्रभावित समुदायों के उत्थान की दिशा में एक निर्णायक मील का पत्थर साबित हुई है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
