चित्तौड़गढ़: ईदगाह में हजारों ने अदा की ईद की नमाज, शिक्षा और भाईचारे का दिया संदेश
चित्तौड़गढ़ की गंभीरी नदी तट स्थित ईदगाह में उमड़ा जनसैलाब, मुफ्ती उस्मान अजहरी ने बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने और देश की उन्नति में योगदान देने पर दिया जोर।

चित्तौड़गढ़ के गंभीरी नदी तट स्थित ईदगाह में शनिवार को ईद-उल-फितर की विशेष नमाज के दौरान अमन-चैन की दुआ मांगते हजारों अकीदतमंद और उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी।
चित्तौड़गढ़। मुस्लिम समाज द्वारा ईद उल फितर का त्योहार जिले भर में पारंपरिक रूप से शनिवार प्रातः ईदगाह मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर एक दूसरे को मुबारकबाद देकर हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर गंभीरी नदी तट पर स्थित ईदगाह में शहर काज़ी अब्दुल मुस्तफा चिश्ती करीमी की इमामत में शहर सहित आसपास के हजारों व्यक्तियों ने ईद की विशेष नमाज अदा की।
शिक्षा और सामाजिक उन्नति का संदेश
इससे पूर्व नायब शहर काज़ी मुफ्ती उस्मान अजहरी ने अपनी तकरीर में कहा कि "हमे अपने समाज और देश की उन्नति में योगदान देने के लिए सबसे पहले अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ना होगा।" उन्होने कुरआन में भी शिक्षा का महत्व बताते हुए तालिम हासिल करना फर्ज बताया है, लेकिन आज हमारे बच्चे शिक्षा से दूर होकर 10वीं 12वीं के बाद ड्रॉप आउट हो जाते हैं, जिससे वह कहीं भी सफल नहीं होते हैं। मुफ्ती उस्मान ने जोर देते हुए कहा कि "अगर हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे दुनिया व आखिरत में कामयाब हों तो उनका शिक्षित होना आवश्यक है। अगर इल्म होगा तो दौलत और शोहरत स्वयं चल कर आएगी।"
अमन-चैन और भाईचारे की दुआ
मुफ्ती उस्मान ने कहा कि हमे अमन और भाईचारे का पैगाम देना है, जो ख्वाजा साहब ने अजमेर की सरजमीं से दिया था। उन्होने कहा कि हमे अपने देश को बुलंदियों पर पहुंचाना है, इसलिए सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारा, सांस्कृतिक विरासत हमेशा कायम रहे। ईदुल फितर की नमाज अदा करने के लिए शहर सहित आसपास के गांवों के हजारों व्यक्ति पहुंचे। शहर काज़ी अब्दुल मुस्तफा चिश्ती करीमी ने निर्धारित समय पर नमाज अदा करा, देश व दुनिया में अमन-शांति की दुआ मांगी। ईदगाह के कुछ देर बाद गोल प्याऊ स्थित हजरत काज़ी चलफिर शाह दरगाह में भी नायब शहर काज़ी मुफ्ती उस्मान अजहरी की इमामत में ईद की नमाज अदा की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों और अतिथियों का स्वागत
नमाज के बाद अंजुमन के सेकेट्री हाजी सैय्यद इरशाद अली ने प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को ईद की मुबारकबाद देते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अंजुमन सदर इकबाल गुलशन के नेतृत्व में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, अतिथियों का मेवाड़ी पाग़ पहनाकर तथा महिला अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर स्वागत अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, एसडीएम बीनू देवल, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र मेघवाल, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया, करण सिंह सांखला, रणजीत लोट, अनिल सोनी, अहसान पठान, रमेश नाथ, पुलिस उप अधीक्षक ब्रजेश सिंह, शिव लाल टेलर, कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत, चन्देरिया थानाधिकारी मोतीराम सारण, निरीक्षक सुनिता गुर्जर, मधु कंवर सहित बड़ी संख्या में जाप्ता मौजूद रहा।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
