ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में फर्रियों को लेकर विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा; एसपी ने की शांति की अपील
चित्तौड़गढ़ में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में फर्रियों को लेकर विवाद के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई।

तस्वीर में पुलिसकर्मी सुरक्षा उपकरणों और लाठियों के साथ एक धार्मिक परिसर के प्रवेश क्षेत्र में तैनात दिख रहे हैं, जबकि पीछे अन्य लोग और परिसर की इमारत नजर आ रही है।
चित्तौड़गढ़ में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व जुलूस-ए-मोहम्मदी, महफिले मिलाद सहित विभिन्न आयोजनों के साथ हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह से मनाया गया। इसी दौरान जुलूस में फर्रियों को लेकर विवाद की स्थिति भी बनी। पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी और जुलूस को शांतिपूर्वक आगे रवाना कराया। बाद में पुलिस ने पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ाते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी।
शहर के मीरा मंच से बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी शुरू हुआ। जुलूस के आगे सजे-धजे अश्व चल रहे थे। इसके बाद बग्गियों में नायब शहर काजी उस्मान गनी अशरफी, सज्जादा नशीन सलीम अशरफी, यूसुफ अशरफी, जुबैर अशरफी, जुनैद अशरफी सहित समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे। जुलूस में शहर के कुंभानगर, पंचवटी, स्टेशन, चंदेरिया, बोदियाना सहित आसपास के क्षेत्रों से आए जुलूस भी शामिल हुए।
हजारों लोगों की मौजूदगी में जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। युवाओं ने डीजे पर नात शरीफ, कव्वाली और धार्मिक नारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर जुलूस का स्वागत किया गया तथा खाद्य सामग्री, शीतल पेय और जलपान की व्यवस्था की गई।
जुलूस गोल प्याऊ से गांधी चौक, कपड़ा बाजार, छीपा मोहल्ला, चंदनपुरा, लुहार मोहल्ला होते हुए पुनः गोल प्याऊ पहुंचा। इसके बाद सुभाष चौक होते हुए शाम करीब 5 बजे मीरा मंच पहुंचकर जुलूस संपन्न हुआ। समापन अवसर पर फातेहा ख्वानी के बाद देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ की गई।
इससे पहले मंगलवार रात मीरा मंच पर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का आयोजन नायब शहर काजी मौलाना मुफ्ती उस्मान गनी अशरफी अल-अजहरी की सदारत में हुआ। कार्यक्रम में सलमान अशरफी मुंबई से शामिल हुए। मुफ्ती मुजम्मिल राजा खान भीलवाड़ा ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जीवनी और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान जुनैद बरकाती, मौलाना जीशान बरकाती, सैयद मकबूल शाह ने अपने-अपने अंदाज में नात शरीफ पेश की। नात सुनकर मौजूद सैकड़ों अकीदतमंद झूम उठे। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का आयोजन देर रात तक जारी रहा।
जुलूस के दौरान फर्रियों को लेकर विवाद
शहर में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान फर्रियों को लेकर विवाद हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, गांधीनगर से निकल रहे जुलूस के दौरान कुछ फर्रियों में हिंदू देवी-देवताओं के चित्र दिखाई देने पर लोगों ने फर्रियां उड़ाने से मना किया। इसके बाद जुलूस के आगे बढ़ने के दौरान दोबारा फर्रियां उड़ाए जाने पर हिंदू समाज के लोगों ने आपत्ति जताई।
जुलूस गांधीनगर से रवाना होकर गोल प्याऊ होते हुए ढूंचा बाजार की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, ढूंचा बाजार में फिर से फर्रियां उड़ाई गईं, जिसके बाद कुछ लोग आक्रोशित हो गए। यहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया।
विवाद की स्थिति बनने के बाद पुलिस-प्रशासन ने अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस को शांतिपूर्वक आगे रवाना कराया गया। स्थिति को देखते हुए सदर बाजार और ढूंचा बाजार में दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं।
एसडीएम दिलीप सिंह ने बताया कि जुलूस अंतिम चरण में पहुंच गया था। कुछ लोगों ने पटाखों से निकली प्लास्टिक की फर्रियों में हिंदू देवी-देवताओं के प्रतीक या प्रतिमाएं होने की आशंका जताते हुए आपत्ति की। संबंधित लोगों की परिवेदना सुनने के लिए टीम एसपी से मिलने गई और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।
विवाद के बाद नगर परिषद की ओर से सफाई कर्मचारियों को भेजकर जुलूस मार्ग पर गिरी फर्रियों को हटवाकर सफाई करवाई गई। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।
मामले की सूचना पर एसपी धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, डिप्टी बृजेश सिंह, सदर सीआई प्रेम सिंह, साइबर सीआई सुमन कुमार, महिला थाना अधिकारी रेनू कुमारी सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसपी ने की त्योहार शांतिपूर्वक मनाने की अपील
जुलूस और अन्य कार्यक्रमों के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा, डीएसपी ब्रजेश सिंह, कोतवाल राजनीश कुमार, सदर एसएचओ प्रेमसिंह सहित पुलिस एवं अतिरिक्त जाप्ता तैनात रहा। अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम पर नजर रखते हुए जुलूस के मार्ग और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जुलूस के दौरान फर्रियों को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। दोनों पक्षों को समझाइश कर रवाना कर दिया गया। जुलूस शांतिपूर्वक पूरा हो चुका है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस अलर्ट है।
उन्होंने व्यापारियों से भयमुक्त वातावरण में अपना व्यापार करने और रक्षाबंधन का त्योहार शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। एसपी ने आमजन और सोशल मीडिया से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की शंका या भ्रम होने पर पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
