चित्तौड़गढ़। पृथ्वी दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के समन्वय से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, धनेतकलां में पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर विविध कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप वन संरक्षक राहुल झांझड़िया ने की, जिन्होंने छात्राओं को पृथ्वी दिवस के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की वर्तमान चुनौतियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के तहत छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध लेखन, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में कक्षा 10 की तेजस्विनी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 11 की मधु ऐरवाल द्वितीय और कक्षा 12 की रानी सालवी तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 10 की विजयलक्ष्मी झाला प्रथम, कक्षा 4 की हर्षिता सालवी द्वितीय तथा कक्षा 10 की प्राची चतुर्वेदी तृतीय स्थान पर रही।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप स्कूल बैग वितरित किए गए। इस अवसर पर उप वन संरक्षक राहुल झांझड़िया ने पृथ्वी दिवस के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्पित किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक वन संरक्षक भावना शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी देवेन्द्र कुमार पुरोहित, रेंज स्टाफ तथा विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। यह आयोजन न केवल छात्राओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व को भी सुदृढ़ करता नजर आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story