चित्तौड़गढ़ में शारदीय नवरात्रि का समापन विजयादशमी के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं के भावपूर्ण विसर्जन के साथ हुआ। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नवयुवक मंडलों, गरबा मंडलों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के बीच भव्य शोभायात्रा निकालकर विदाई दी गई। श्रद्धालु नाचते-गाते प्रतिमाओं को उनके स्थापना स्थलों से गंभीरी और बेड़च नदी के तटों तक लेकर पहुंचे, जहां विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

विजयादशमी के दिन शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल नजर आया। विभिन्न गरबा मंडलों और धार्मिक संगठनों से जुड़े युवक-युवतियां डीजे की आधुनिक धुनों और पारंपरिक ढोल की थाप पर थिरकते दिखाई दिए। कई स्थानों पर युवाओं और युवतियों ने डांडिया और गरबा नृत्य के माध्यम से अपनी आस्था और उत्साह का इजहार किया। शोभायात्रा के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए नागरिक जगह-जगह एकत्रित हुए। लोगों ने पूजा-अर्चना की और पुष्प वर्षा कर प्रतिमाओं का स्वागत किया। मां दुर्गा के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान गंभीरी और बेड़च नदी के तटों पर शहरभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। संध्या वेला में विसर्जन का क्रम शुरू होने के साथ ही गंभीरी नदी का तट ‘जय माता दी’ और ‘दुर्गा मैया की जय’ के उद्घोषों से गूंज उठा। मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विदाई देते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। भावुक माहौल के बीच भक्तों ने अगले बरस फिर आने की कामना के साथ मां दुर्गा को विदाई दी।

मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इन व्यवस्थाओं के बीच विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इसी के साथ चित्तौड़गढ़ में शारदीय नवरात्रि का पर्व श्रद्धा, पारंपरिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story