दीपावली पर दुल्हन की तरह सजा चित्तौड़गढ़, अयोध्या जैसी रोशनी ने मोहा शहरवासियों का मन
नगर परिषद की विशेष लाइटिंग से जगमगाया शहर, पुलियों की अंब्रेला लाइटें और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण; पुलिस लाइन में स्नेह मिलन आयोजित।

रोशनी से सजे सुभाष चौक में दीपावली महाआरती के दौरान एकत्र हुए लोगों का aerial view।
चित्तौड़गढ़। दीपावली के अवसर पर वीर भूमि चित्तौड़गढ़ रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य विद्युत सजावट से जगमगा उठी। शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर नगर परिषद की ओर से की गई आकर्षक लाइटिंग ने दीपोत्सव की रौनक बढ़ा दी। रविवार शाम ढलते ही रोशनी से नहाए शहर की खूबसूरती निहारने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी परिवारों के साथ घरों से निकले। लोगों ने आकर्षक सजावट के बीच सेल्फी और तस्वीरें लेकर उत्सवी नजारों को सोशल मीडिया पर साझा किया। पूरे शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया।
सांसद सीपी जोशी ने दीपावली पर नगर परिषद की ओर से शहर में कराई गई भव्य विद्युत सजावट की सराहना करते हुए कहा कि वीर भूमि चित्तौड़गढ़ अयोध्या नगरी की तरह जगमगा रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होने तथा अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है। शहर में की गई आकर्षक रोशनी और सजावट ने दीपावली के उत्सव को और अधिक उल्लासपूर्ण बना दिया है। सांसद जोशी ने इस शानदार आयोजन के लिए नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, सभी पार्षदों और शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए नगर परिषद के प्रयासों की प्रशंसा की।
सांसद और विधायक की प्रेरणा से सभापति के नेतृत्व में हुई सजावट
दीपावली पर चित्तौड़गढ़ को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए सांसद सीपी जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की प्रेरणा से नगर परिषद ने विशेष तैयारियां की थीं। सभापति अनिल ईनाणी ने उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, शैलेन्द्र झंवर, भोलाराम प्रजापत सहित नगर परिषद की टीम के साथ सजावट की व्यवस्थाओं को अंजाम दिया। सामूहिक प्रयासों से शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर आकर्षक विद्युत सजावट की गई, जिसने दीपावली पर चित्तौड़गढ़ को अलग पहचान दी।
शहर की भव्य सजावट और रोशनी को लेकर नागरिकों ने नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी सहित सभी पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और पूरी टीम की सराहना की। शहरवासियों का कहना था कि इस बार की सजावट ने चित्तौड़गढ़ की सुंदरता को नया आयाम दिया और दीपावली के उत्सव को यादगार बना दिया। नागरिकों ने नगर परिषद के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
सुभाष चौक पर रामलला की प्रतिमा के साथ हुई महाआरती
दीपावली की शाम सुभाष चौक शहर में सबसे बड़ा आकर्षण रहा। यहां विशेष मंच तैयार कर रामलला की प्रतिमा स्थापित की गई थी। मंत्रोच्चारण के बीच आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान पूरा चौक जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। मंच के पास लगाई गई एलईडी वॉल पर दीपावली की शुभकामनाओं के साथ धार्मिक संदेश प्रसारित होते रहे।
इस आयोजन में सांसद सीपी जोशी भी मौजूद रहे। महाआरती के बाद उन्होंने शहरवासियों के बीच पहुंचकर सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आरती संपन्न होने के बाद भी लोग काफी देर तक चौक पर रुके और रोशनी का आनंद लेते रहे। परिवारों और युवाओं ने मंच तथा आकर्षक सजावट के साथ बड़ी संख्या में तस्वीरें खिंचवाईं।
पुलियों की अंब्रेला लाइटिंग और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण
इस बार शहर की नई और पुरानी पुलिया की सजावट भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। दोनों पुलियों पर पहली बार अंब्रेला स्टाइल लाइटिंग की गई, जो रात के समय विशेष रूप से आकर्षक दिखाई दी। नगर परिषद कार्यालय के सामने बने ब्रिज को भी नए डिजाइन के साथ सजाया गया था।
शहर में अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर युवाओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। धार्मिक थीम, रंग-बिरंगी लाइटिंग और आकर्षक सजावट के बीच लोगों ने देर रात तक फोटो और वीडियो बनाए। कई परिवार शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक घूमकर अलग-अलग स्थानों पर की गई सजावट का आनंद लेते नजर आए।
देर रात तक बाजारों में रही चहल-पहल
दीपावली की शाम से देर रात तक शहर के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। परिवारों के साथ निकले लोगों ने रोशनी से सजे शहर का आनंद लिया। बच्चे रंग-बिरंगी लाइटें देखकर उत्साहित नजर आए, जबकि युवा अलग-अलग सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें लेते रहे। व्यापारिक क्षेत्रों से लेकर प्रमुख चौराहों तक दीपोत्सव का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर हर्षवर्धन सिंह, गौरव त्यागी, उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, पार्षद शैलेंद्र झंवर, भोलाराम प्रजापत, सुधीर जैन, मनोज पारीक, सुशील शर्मा, भरत जागेटिया, पार्षद अशोक सोनी, मोनु सलूजा, रवि बैरागी, रेनू मिश्रा, सीताराम माली, राजन माली, अविनाश शर्मा, पिंटु मोदी, मोहित गौड़, बाल किशन भोई, प्रभु सिंह रावत, अजय खटीक, प्रदीप काबरा, शांतीलाल जाट, सविता जाजु और सतपाल दुआ सहित जनप्रतिनिधि एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को नई गति देने का संकल्प
नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी ने शहरवासियों के स्नेह और सराहना के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ को सुंदर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाना नगर परिषद की प्राथमिकता है। दीपावली पर की गई आकर्षक सजावट पूरी नगर परिषद टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, बेहतर रोशनी और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। चित्तौड़गढ़ को सुंदर, सुव्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में नई पहचान दिलाने के लिए नगर परिषद प्रतिबद्ध है।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस जवानों को मिठाई खिलाकर दी दीपावली की बधाई
दीपावली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह शहर के अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों के बीच पहुंचे। उन्होंने जवानों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। आमजन की खुशियों और सुरक्षा के लिए ड्यूटी करने वाले जवान पुलिस विभाग की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की। एसपी की इस आत्मीय मुलाकात से पुलिस जवानों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
संगम महादेव गोशाला में विधि-विधान से हुआ गो पूजन
शहर के भोई खेड़ा स्थित संगम महादेव गोशाला में संगम महादेव विकास एवं गो सेवा समिति तथा गो भक्तों के सानिध्य में गो पूजन और गो सेवा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नंदी महाराज और गो माता को स्नान करवाया गया। इसके बाद उन्हें मेहंदी लगाई गई और सींगों पर आकर्षक रंग-रोगन कर बेड़े बांधकर विधि-विधान से पूजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं, बहनों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया तथा गो सेवा में योगदान दिया। इसके साथ ही एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संगम महादेव गोशाला के विकास और आगामी कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। आयोजन में बड़ी संख्या में गो भक्त उपस्थित रहे।
पुलिस लाइन में अधिकारियों और परिवारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मनाई दीपावली
सोमवार शाम पुलिस लाइन में दीपावली के अवसर पर स्नेह मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इसमें जिला एवं सेशन न्यायाधीश मानसिंह चुंडावत, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह, आईपीएस प्रोबेशनर कार्तिकेय वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ उनके परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पुलिस अधिकारियों, जवानों और परिवारजनों ने कार्यक्रम का आनंद लिया तथा उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने भी नृत्य किया। इसके बाद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर आतिशबाजी की और दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
पूरी पुलिस लाइन दीपावली के उल्लास में डूबी नजर आई। हंसी-खुशी, गीत-संगीत, आपसी मेलजोल और आतिशबाजी के बीच पुलिस परिवार ने एक साथ त्योहार मनाया। व्यस्त और चुनौतीपूर्ण पुलिस ड्यूटी के बीच आयोजित इस स्नेह मिलन कार्यक्रम ने अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों को साथ में आनंद के पल बिताने, आपसी आत्मीयता बढ़ाने और पारिवारिक सौहार्द को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
