शिविरों में हर पात्र व्यक्ति की समस्या का हो शत-प्रतिशत समाधान: मोरवन और निंबाहेड़ा में संभागीय आयुक्त के निर्देश
उदयपुर संभाग की संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने मोरवन और निंबाहेड़ा सेवा शिविरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को हर पात्र व्यक्ति की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में एक परिसर का निरीक्षण करते अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। उदयपुर संभाग की संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने गुरुवार को डूंगला पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मोरवन में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा निंबाहेड़ा नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति के कार्यों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मोरवन में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान संभागीय आयुक्त ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने लाभार्थियों को आवासीय भूमि के पट्टे, स्वीकृति पत्र, वरिष्ठ नागरिक कार्ड तथा अन्य प्रमाण-पत्र वितरित किए। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि महिला अधिकारिता विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत लाडो प्रोत्साहन योजना के लाभ वितरित किए।
ग्रामीण सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार, कार्यवाहक तहसीलदार मोहनलाल त्रिवेदी, विकास अधिकारी दुर्गा प्रसाद कुमावत, नायब तहसीलदार भूपेंद्र बस्सी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा कार्मिक उपस्थित रहे।
इसके बाद संभागीय आयुक्त ने निंबाहेड़ा नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र और सहायता राशि के चेक वितरित किए। साथ ही एक वर्ष के बच्चों का जन्मदिन मनाकर उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कॉलेज ग्राउंड में पौधारोपण भी किया।
निंबाहेड़ा में आयोजित शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, नगर परिषद आयुक्त कुशाल खटूमरा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
