चित्तौड़गढ़। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के प्रकोप से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन की सार्थक पहल के परिणामस्वरूप यस बैंक ने सामाजिक सरोकार के तहत जिला चिकित्सालय को 10 एयर कंडीशनर (एसी) और 10 कूलर भेंट किए हैं, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को अब स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ राहतकारी वातावरण भी मिल सकेगा।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने इस जनहितकारी कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि भीषण तापमान के मद्देनजर मरीजों एवं उनके तीमारदारों की समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए गए। प्रशासन के आग्रह पर यस बैंक ने त्वरित सहयोग प्रदान करते हुए ये उपकरण उपलब्ध कराए। इन 10 एसी एवं 10 कूलरों को जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों एवं अत्यंत आवश्यक स्थानों पर स्थापित कर दिया गया है, ताकि अस्पताल में उपचार करवा रहे मरीजों को गर्मी से प्रभावी सुरक्षा मिल सके और चिकित्सा व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ हो सकें।

इस पुनीत कार्य के अवसर पर बैंक के रीजनल हेड निरंजन सिंह शेखावत, विकास जैन, अनिल शर्मा, गुंजन श्रीमाल और स्वप्निल जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने यस बैंक के इस सराहनीय सामाजिक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रशासन का मानना है कि निजी क्षेत्र के ऐसे सहयोग से सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं में न केवल सुधार आता है, बल्कि आमजन को कठिन समय में आवश्यक राहत भी प्राप्त होती है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story