रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, होनहार विद्यार्थियों व खिलाड़ियों का किया सम्मान
चित्तौड़गढ़ के बड़ीसादड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुरा में जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल आयोजित हुई, जहां 25 परिवादों की सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। चौपाल में होनहार विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का सम्मान किया गया तथा सड़क, नाली, बिजली और पेंशन से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुरा मुख्यालय पर शुक्रवार रात्रि को जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। चौपाल में कुल 25 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने क्षेत्र के होनहार बालक-बालिकाओं और खिलाड़ियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर राज्य स्तर तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है और यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला कलक्टर ने रावतभाटा के प्रतिभाशाली युवा डॉ. अनुज अग्निहोत्री द्वारा यूपीएससी परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़-मेवाड़ के युवाओं की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।
रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने एक-एक परिवाद को संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा सर्वाधिक समस्याएं सड़क और नाली निर्माण से संबंधित सामने आईं। इस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने तथा गांव में नालियों का निर्माण एक माह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
अजमेर विद्युत वितरण निगम से संबंधित खंभे हटाने, तारों को व्यवस्थित करने और 11 केवी लाइन को आबादी क्षेत्र से बाहर निकालने की मांग भी ग्रामीणों ने उठाई। इस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सात दिवस में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आम रास्ता खुलवाने, पारिवारिक इंतकाल खुलवाने सहित अन्य मामलों पर तहसीलदार को सात दिवस में निस्तारण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 10 दिव्यांगजनों के पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बंद पड़ी पेंशन का सत्यापन कराने के लिए ग्राम सचिव और समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया। साथ ही ग्रामीणों को खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी भी दी गई।
रात्रि चौपाल से पूर्व जिला कलक्टर ने डूंगला उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय और बड़ीसादड़ी में तहसील कार्यालय तथा कोष कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्मिकों को ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से कार्य करने और कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चौपाल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार, तहसीलदार, विकास अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रशासक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यह रात्रि चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
