चित्तौड़गढ़ जिला कलक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई, 90 परिवाद हुए दर्ज
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के कड़े निर्देश दिए।

चित्तौड़गढ़ जिला कलक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला कलक्टर डॉ. मंजू विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याओं का निस्तारण करते हुए।
चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के त्रि-स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम की कड़ी में गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट स्थित डीओआईटी जनसुनवाई केंद्र में जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में पहुंचे आमजन ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं परिवेदनाओं को जिला प्रशासन के समक्ष रखा। जनसुनवाई के दौरान कुल 90 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से आधे से अधिक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने प्रत्येक परिवादी की समस्या को गंभीरता एवं आत्मीयता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास का एक सशक्त माध्यम है तथा नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस जनसुनवाई में भूमि रूपांतरण, खेत तक पहुंच मार्ग, पत्थरगढ़ी, बकाया पीएल भुगतान, सीमाज्ञान, अतिक्रमण हटाने, नालों की सफाई, सीसी रोड निर्माण, जलभराव, पेयजल लाइन, साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, मकान पट्टा, बीमा क्लेम, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सहायता राशि, इंतकाल खुलवाने, रजिस्ट्री में नाम संशोधन, सूचना के अधिकार के तहत जानकारी प्रदान करने और श्मशान भूमि आरक्षित करने जैसे विभिन्न विषयों से जुड़ी परिवेदनाएं प्राप्त हुईं।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही जिला सतर्कता समिति में दर्ज मामलों की मॉनिटरिंग कर उनके गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को पाबंद किया। विशेष प्रकरण के रूप में भावना राजपूत की परिवेदना पर सुनवाई करते हुए डॉ. मंजू ने समाज कल्याण विभाग को विधवा पेंशन में नाम जोड़ने एवं बच्चों को पालनहार योजना से जोड़ने, तथा जिला रसद अधिकारी को खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर रामचंद्र खटीक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, न्यास सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं विकास अधिकारी भी जुड़े रहे और अपने क्षेत्रों से संबंधित प्रकरणों की जानकारी साझा की।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
