सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स में दिशा प्रजापत ने जीता गोल्ड, अब राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी राजस्थान का प्रतिनिधित्व
चित्तौड़गढ़ की दिशा प्रजापत ने सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स में 400 मीटर दौड़ का गोल्ड जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए जगह बनाई, जानिए उनकी अब तक की उपलब्धियां।

तस्वीर में दिख रही छात्रा दिशा प्रजापत संस्कार द स्कूल की हरे रंग की टी-शर्ट पहने कैमरे की ओर देखकर मुस्कुरा रही हैं।
चित्तौड़गढ़ के संस्कार द स्कूल की छात्रा एवं कीर्ति नगर, चन्देरिया निवासी दिशा प्रजापत ने हाल ही में बहरोड में आयोजित 54वें सी.बी.एस.ई. क्लस्टर एथलेटिक्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 छात्रा वर्ग की 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। दिशा, विनोद पाणखाणिया की पुत्री हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ में भाग लिया, जिसमें 400 मीटर स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
शारीरिक शिक्षक कुलदीप सिंह राठौड़ ने बताया कि स्वर्ण पदक जीतने के बाद दिशा प्रजापत अब 400 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित जिले में खुशी का माहौल है।
दिशा इससे पहले भी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 68वें नेशनल स्कूल गेम्स 2024-2025 के तहत रांची में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। इसके अलावा वह तीन बार जिला स्तर पर चयनित होकर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स टूर्नामेंट में भी चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
एथलेटिक्स के साथ-साथ दिशा प्रजापत बॉस्केटबॉल की भी खिलाड़ी हैं। वर्ष 2024 में बॉस्केटबॉल अंडर-14 वर्ग में उन्होंने बेस्ट प्लेयर का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद वह जैसलमेर में आयोजित नेशनल कैंप में भी भाग ले चुकी हैं। साथ ही वह तीन बार राज्य स्तर पर चित्तौड़गढ़ जिले की ओर से बॉस्केटबॉल प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। लगातार विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ दिशा अब राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
