चित्तौड़गढ़। दुर्ग की तलहटी में स्थित गोमुख झरने के समीप शुक्रवार को एक अज्ञात युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद होने से पूरे इलाके में भारी सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना आग की तरह फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।

यह खौफनाक मंजर शुक्रवार सुबह उस समय सामने आया जब 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत नरेगा श्रमिक पौधारोपण के लिए झाड़ियों की सफाई कर रहे थे। दुर्ग की तलहटी में पाड़नपोल झरने की तरफ जाते समय श्रमिकों को तेज बदबू का अहसास हुआ। जब वे बदबू की दिशा में आगे बढ़े, तो झाड़ियों के बीच युवती का शव नग्न अवस्था में पड़ा देख उनके होश उड़ गए। मृतका की टी-शर्ट चेहरे की तरफ ऊपर खींची हुई थी, जिसे देखकर यह गंभीर आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने भारी पत्थर से युवती का चेहरा और शव कुचला होगा। डरे-सहमे श्रमिकों ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, उपाधीक्षक ब्रजेश सिंह, प्रशिक्षु उपाधीक्षक मनीष, मुकेश, कोतवाल तुलसीराम और सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी और जाब्ता मौके पर पहुंचे। शव की अर्धनग्न स्थिति को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा यह प्रबल आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवती के साथ पहले दरिंदगी यानी दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया और फिर पहचान छुपाने या पकड़े जाने के डर से पत्थरों से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को दुर्ग की तलहटी में फेंक दिया गया।

घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल और शव के आसपास के क्षेत्र से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं, ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। फिलहाल मृतका की शिनाख्तगी के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस संदिग्धों की तलाश और वारदात के सुराग खोजने के लिए घटनास्थल के आसपास के रास्तों सहित दुर्ग मार्ग पर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और गहनता से अनुसंधान में जुट चुकी है। इस जघन्य हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पूरे चित्तौड़गढ़ को झकझोर कर रख दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story