चित्तौड़गढ़ में सेंसर से डुप्लीकेट चाबी बनाकर और जीपीएस हैक कर क्रेटा कार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का जिला स्पेशल टीम एवं कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के गहन विश्लेषण के बाद शहर से चोरी हुई करीब 20 लाख रुपये मूल्य की क्रेटा कार बरामद की है। चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी मोसिन उर्फ सोनू द्वारा अपने दो साथियों के साथ मिलकर चित्तौड़गढ़, कोटा, टोंक, उज्जैन एवं देवास सहित विभिन्न स्थानों से 06 क्रेटा कार चोरी करने का खुलासा किया गया है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि गत 11 जुलाई को प्रार्थी रोकश माहेश्वरी निवासी सुभाष नगर ने लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया था कि मध्य रात्रि घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार को कुछ अज्ञात व्यक्ति सेंसर से डुप्लीकेट चाबी बनाकर पांच मिनट में जीपीएस हैक कर चोरी कर ले गए। आस-पास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान एएसआई नवरंग द्वारा प्रारम्भ किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के निर्देशानुसार थानाधिकारी रजनीश कुमार के नेतृत्व में थाना हाजा एवं जिला स्पेशल टीम की एक विशेष टीम का गठन किया गया।

चोरी की वारदात के खुलासे के लिए गठित टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी फुटेज और घटना स्थल से लेकर बांसवाडा, इन्दौर, अहमदाबाद एवं महाराष्ट्र तक करीब 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग प्राप्त कर बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्य एवं ह्यूमन इंटेलीजेंस के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना के बाद अपने अन्य साथियों को बुलाकर चोरी की गई कार लेने वाले दो आरोपियों को डिटेन किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका साथी मोसिन अपने साथियों के साथ कार चोरी करता था और इसके बाद रास्ते में सरफराज एवं दीपक को बुलाकर चोरी की गई कार बेच देता था। इसके बाद आरोपी अगली वारदात के लिए दूसरे शहर में चले जाते थे।

अनुसंधान एवं सीसीटीवी फुटेज से सामने आया कि इसी तरीके से अलग-अलग जिलों एवं राज्यों से करीब 06 क्रेटा कार चोरी की वारदात मोसिन और उसके दो अन्य साथियों द्वारा की गई थी। चोरी किए गए वाहनों को अहमदाबाद निवासी सरफराज और दीपक को बेचना पाया गया।

पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी करते हुए क्रेटा कार चोर मोसिन के साथी और चोरी के वाहन खरीदने वाले सरफराज पिता सरदार शेख मुसलमान एवं दीपक पिता अमित कुमार खत्री निवासी 236 महासुख नगर, कृष्णा नगर, अहमदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद मोसिन एवं उसके साथियों द्वारा चित्तौड़गढ़ से चोरी कर सरफराज एवं दीपक को बेची गई क्रेटा कार को इन्दौर से बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मोसिन ने अपने साथियों के साथ कोटा, टोंक, उज्जैन एवं देवास से करीब 06 क्रेटा कार चोरी की थीं। इनमें से 03 क्रेटा कार रास्ते से सरफराज और दीपक द्वारा लेना बताया गया है। पुलिस पूछताछ जारी है, जिसमें अन्य चोरी के वाहनों के खुलासे की संभावना जताई गई है। प्रकरण का अनुसंधान जारी है।

पुलिस ने आरोपी सरफराज पिता सरदार शेख मुसलमान निवासी मुस्लिम सोसाइटी दानी लिमडा, अहमदाबाद, गुजरात को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में थानाधिकारी रजनीश कुमार, एएसआई नवरंग, राजकुमार, कांस्टेबल कन्हैयालाल, संजय, जिला विशेष टीम के कांस्टेबल रामावतार, सुनील कुमार, दुर्गेश, हेमराज, प्रहलाद, पदम कुमार, जोगेन्द्र एवं मनीष कुमार का सहयोग रहा।

Next Story