चित्तौड़गढ़: नवीन न्यायालय परिसर में अधिवक्ता परिवार ने स्थापित किया शीतल जल मंदिर
स्व. ख्याली लाल पोखरना की स्मृति में परिवार ने न्यायालय परिसर में शीतल जल सुविधा उपलब्ध कराई, जिससे वादकारियों और अधिवक्ताओं को गर्मी में राहत मिलेगी।

चित्तौड़गढ़। शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. ख्याली लाल पोखरना की पावन स्मृति में उनके परिवार द्वारा एक अनुकरणीय सेवा कार्य करते हुए निम्बाहेड़ा रोड स्थित नवीन न्यायालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर शीतल जल मंदिर का शुभारंभ किया गया। इस मानवीय सेवा प्रकल्प का उद्घाटन मंगलवार को जिला अभिभाषक संस्थान के अध्यक्ष नरेश शर्मा सहित गरिमामय अतिथियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया।
स्व. ख्याली लाल पोखरना की पत्नी संपतदेवी पोखरना, उनके पुत्र वरिष्ठ अधिवक्ता नरेंद्र पोखरना, महेंद्र पोखरना, अक्षत पोखरना तथा परिवार की सदस्या आशा पोखरना और रितु पोखरना द्वारा आयोजित इस पुनीत कार्यक्रम में जिला अभिभाषक संस्थान के अध्यक्ष नरेश शर्मा के साथ ही एसपी सिंह राठौड़, ओमप्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष चांदनी बैरागी, कमलेश सुखवाल और विशाल सिंह भाटी प्रमुखता से उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा मोली बंधन खोलकर जल मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जिला अभिभाषक संस्थान के अध्यक्ष नरेश शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि शीतल जल मंदिर का यह प्रकल्प वास्तव में एक पुण्य का कार्य है, जो भीषण गर्मी में न्यायालय परिसर आने वाले वादकारियों और अधिवक्ताओं के लिए अत्यंत राहतकारी सिद्ध होगा। कार्यक्रम में मदन त्रिपाठी, गिरीश दीक्षित, संदीप सेठिया, अल्पेश पुरी गोस्वामी, राजेश गिरी गोस्वामी, मोहित सोनगरा, शुभम जैन और सुनील सुखवाल सहित अनेक अधिवक्तागण सम्मिलित हुए। सभी उपस्थित अधिवक्ताओं ने पोखरना परिवार के इस सेवाभावी कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। जल मंदिर का यह शुभारंभ न केवल स्व. पोखरना को एक सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज के प्रति पोखरना परिवार की निस्वार्थ सेवा भावना को भी रेखांकित करता है।

