चित्तौड़गढ़ में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जनाक्रोश प्रदर्शन किया गया। हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतलों की शवयात्रा निकालते हुए जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद पुतला दहन किया गया और मानव शृंखला बनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में देशभर में कांग्रेस संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं एवं छात्रों द्वारा किए गए आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े जाने तथा बल प्रयोग के विरोध में आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। इस दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा युवाओं के समर्थन में किए गए विरोध-प्रदर्शनों और उनके संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा गया कि कांग्रेस पार्टी देशभर में युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज बुलंद कर रही है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 152 बार पेपर लीक होना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों, उनके संघर्ष और भविष्य की हत्या है। उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्षों तक दिन-रात मेहनत करता है, लेकिन भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्ट व्यवस्था उसकी मेहनत पर पानी फेर देती है। आज देश का हर बेरोजगार युवा इस सरकार से जवाब मांग रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने भविष्य और अधिकारों की मांग कर रहे शांतिपूर्ण युवाओं एवं छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं को न्याय देने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना भाजपा सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दमन के खिलाफ युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और जब-जब युवाओं के भविष्य पर हमला होगा, तब-तब कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उनके अनुसार यह आंदोलन केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं की आवाज है, जिन्हें भाजपा सरकार ने निराशा, बेरोजगारी और दमनकारी नीतियों के अंधकार में धकेल दिया है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं, छात्र-छात्राओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी से प्रदर्शन को जनआंदोलन का स्वरूप मिला।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, युवाओं को न्याय, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं एवं छात्रों पर हुए कथित बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, अनिल सोनी, विक्रम जाट, रणजीत लोट, रमेशनाथ योगी, रामलाल जाट, महेंद्र शर्मा, अभिमन्यु सिंह जाड़ावत, मोहन सिंह भाटी, दिनेश सोनी, कालूलाल जाट, बालमुकुंद मालीवाल, आजाद पालीवाल, अर्जुन रायका, महावीर सिंह, गोविंद शर्मा, धर्मेंद्र मूंदड़ा, प्रमोद सिंह तंवर, कमल गुर्जर, गौरीलाल गुर्जर, गोविंद चौधरी, नितिन वर्मा, नवरतन जीनगर, देवेंद्र दयाल सालवी, गणेशलाल जाटोलिया, राकेश घारू, गहरुगिरी गोस्वामी, रामेश्वर बैरवा, कानसिंह भाटी, शंभुलाल प्रजापत, अरुण कंडारा, रेणु कंवर राठौड़, गायत्री चौधरी, चांदी बैरागी, मीनाक्षी जैन, उमा सुराणा, सीमा राठौड़, कुसुम मीणा, कैलाशी बाई, रजनी शर्मा, नीता लौट, पूजा टेलर, दीपमाला, राजेश सोनी, गौस मोहम्मद, गजानंद शर्मा, दिनेश जायसवाल, सत्यनारायण मूंदड़ा, टिंकू धामानी, सुरेंद्रनाथ योगी, यूसुफ भैया, अनिल भड़कत्या, मनोहर मेनारिया, खिज़र खान, युवराज श्रीमाली, दीपक सिंह राठौड़, शंकर सेन, कविश शर्मा, मनोज धाकड़, कमलेश ईनाणी, दिनेश भोई, पिंटू विजयवर्गीय, महेंद्र मीणा, छत्रपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने युवाओं से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक प्रकरणों तथा जंतर-मंतर पर हुए कथित बल प्रयोग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story