राजस्थान के सहकारिता मंत्री और बड़ीसादड़ी से विधायक गौतम कुमार दक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोपों को लेकर सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ीसादड़ी एवं डूंगला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट पर एकत्रित होकर भारी आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है।

इस विरोध प्रदर्शन में बड़ीसादड़ी और डूंगला क्षेत्र से भारी तादाद में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य, पंचायती राज के जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, ब्लॉक व मंडल कांग्रेस के पदाधिकारी, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता शामिल हुए। कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सहकारिता मंत्री दक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री द्वारा कानून के रखवालों के साथ इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना बेहद निंदनीय है। इस घटना से न केवल पुलिस विभाग की गरिमा को गहरी ठेस पहुंची है, बल्कि पूरे प्रदेश के पुलिसकर्मियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।

सौंपे गए ज्ञापन में सहकारिता मंत्री पर पुलिसकर्मी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज करने के साथ-साथ महिलाओं के प्रति भी आपत्तिजनक एवं अनुचित भाषा का प्रयोग करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषी मंत्री के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाने तथा उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग प्रशासन और सरकार के समक्ष रखी है। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए समय रहते उचित और प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी स्थानीय जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से इस आंदोलन को और अधिक व्यापक व उग्र रूप देने के लिए बाध्य होगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story