चित्तौड़गढ़: कांग्रेस का 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' अभियान शुरू, भाजपा पर प्रहार
जिला कांग्रेस कमेटी ने निकाय चुनावों में देरी और प्रशासकों की नियुक्ति के खिलाफ रणनीति बनाई; बूथ स्तर पर जन-जागरण और धरना-प्रदर्शन की तैयारी।

राजस्थान की भाजपा सरकार द्वारा पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में की जा रही देरी और लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रहार के विरुद्ध जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' अभियान की रणनीति तैयार की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हंगामी लाल मेवाड़ा तथा जिला सह-प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस महासचिव छोटू लाल मीणा उपस्थित रहे। बैठक के दौरान वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर समय पूरा होने के बावजूद चुनाव टालकर लोकतंत्र का गला घोंटने और प्रशासकों के माध्यम से जनता पर मनमर्जी थोपने का गंभीर आरोप लगाया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि भाजपा की दमनकारी नीतियों के कारण विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और प्रशासकों की नियुक्ति से जनता त्रस्त है। जिला प्रभारी मेवाड़ा और मीणा ने संयुक्त रूप से भाजपा की विफलताओं को उजागर करते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने एक माह की विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इस अभियान के तहत कांग्रेस पदाधिकारी वार्ड, ग्राम पंचायत, ब्लॉक और बूथ स्तर तक जन-जागरण अभियान चलाएंगे। सभी ब्लॉक, मंडल और इकाई अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़कर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करें और आगामी दिनों में धरना-प्रदर्शन के माध्यम से इस 'गूंगी-बहरी' सरकार को जगाने का कार्य करें।
इस बैठक को पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी, प्रकाश चौधरी, अविचल व्यास, मनीष कुमार, अभिमन्यु सिंह झाला, नरेंद्र सिंह गुढ़ा, पीसीसी सचिव ललित बोरीवाल, नारायण मेनारिया, लाल सिंह जाट, परमेश्वर जाट, ममतेश शर्मा, पारस जैन, यशोदा पुरोहित, संजय राव, पुरुषोत्तम झंवर, दिनेश गुर्जर, सुमंत सुवालका, दिनेश चास्टा, उत्सव भाणावत, प्रमोद मोदी, मनोहर मीणा, देवी लाल अहीर और दिनेश अहीर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला महामंत्री अहसान पठान ने किया। बैठक में कन्हैया लाल माली, रफीक खान, इम्तियाज हुसैन, लक्ष्मण सिंह, निर्मल जैन, शिल्पन साहू, अजय लोट, अनिल सेठी, चक्षु शर्मा, गोटू अली, शानू खान, मधु गोस्वामी, युवराज सिंह, महेश गाडरी, राजकुमार वैष्णव, मोहसिन खान, आशीष त्रिवेदी, संजय सेन एवं सागर चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने आगामी चुनावों और संगठन की मजबूती के लिए संकल्प लिया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
