चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
सोशल मीडिया टिप्पणी और धार्मिक स्थलों के ध्वस्तीकरण के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग ने कलेक्ट्री चौराहे पर प्रदर्शन किया।

चित्तौड़गढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कलेक्ट्री चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए।
चित्तौड़गढ़। कोलकाता की नाजिया इलाही खान द्वारा सोशल मीडिया पर पैगंबर की शान में की गई अमर्यादित टिप्पणी और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों बाड़मेर व बीकानेर में मस्जिदों, मदरसों तथा दरगाहों के कथित ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग ने उग्र प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्री चौराहे पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान अल्पसंख्यक कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि कोलकाता निवासी नाजिया इलाही खान द्वारा सोशल मीडिया पर पैगंबर साहब की शान में बेहद अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए की गई आपत्तिजनक बयानबाजी ने पूरे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाओं को गंभीर रूप से आहत किया है। समाज के लोगों ने इसे साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास करार देते हुए आरोपी के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से सख्त कानूनी कार्यवाही करने और उसे फांसी की सजा दिलाने की मांग की। साथ ही, मांग की गई कि सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से इन आपत्तिजनक टिप्पणियों और वीडियो को तत्काल हटाया जाए तथा ऐसे प्लेटफार्मों पर प्रतिबंध लगाया जाए।
इसी के साथ, बाड़मेर और बीकानेर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में मस्जिदों, मदरसों व दरगाहों को चिन्हित कर की जा रही ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पर भी अल्पसंख्यक कांग्रेस ने गहरा रोष और चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने इसे वर्तमान सरकार की अल्पसंख्यकों के विरुद्ध एकतरफा और जल्दबाजी में की गई कार्यवाही बताया, जिससे सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि इस प्रकार की समस्त ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही, मामले की उच्च स्तरीय जाँच करवाने, प्रभावित पक्षों को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर देने और संविधान प्रदत्त अधिकारों के हनन को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष निर्णय लेने का आग्रह किया गया। अंत में प्रदेश में अमन, चैन और आपसी भाईचारा कायम रखने के लिए प्रभावी उपाय अमल में लाने की पुरजोर मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान इम्तियाज हुसैन लौहार, मुदस्सिर पठान, मोहसीन खान, मजहर हुसैन, मामुरखान, लियाकत अली मंसूरी, जमील अहमद, इशाक मोहम्मद, रफीक खान पठान, फारूक नीलगर, खुसरो कमाल, मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद फरहान, मो. शाहीद, शराफत अंसारी, सलीम मोहम्मद, मोहम्मद लतीफ, शहजाद अब्बासी, अनीफ मोहम्मद, जुलेखां पठान, नवाब खान, शब्बीर हुसैन रंगरेज, शब्बीर खान, तनवीर खान, मोहम्मद सिद्दीकी नूरी, जावेद खान, मोहम्मद बक्ष, फिरोज खान और शरीफ भाई सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
