चित्तौड़गढ़। शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने, शहर में जारी अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने और अभयपुर, नाहरगढ़ एवं सिरोड़ी क्षेत्र में अधूरे पड़े जीएसएस निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के सानिध्य में प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर विद्युत समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में किसानों की फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति पर निर्भर हैं, लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि बिजली बाधित होने से आमजन, व्यापारी, विद्यार्थी एवं घरेलू उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं। बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे में शहर में निर्बाध एवं नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अभयपुर, नाहरगढ़ एवं सिरोड़ी क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े जीएसएस निर्माण कार्यों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरे नहीं होने से क्षेत्र के किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इस पर अधीक्षण अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि अभयपुर एवं नाहरगढ़ जीएसएस के कार्यादेश अजमेर कार्यालय से जारी किए जा चुके हैं तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि किसानों एवं आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और अधूरे जीएसएस निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कर विद्युत आपूर्ति प्रारंभ की जाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, अनिल सोनी, विक्रम जाट, रणजीत लोट, नगेंद्र सिंह राठौड़, गोविंद शर्मा, मोहनसिंह भाटी, आजाद पालीवाल, दिनेश सोनी, अर्जुन रायका, कमल गुर्जर, रघुवीर सिंह, गेहरूगिरी गोस्वामी, राकेश घारू, सत्यनारायण सेन सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story