चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान को गति देने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कपासन विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा, ब्लॉक, नगर एवं मंडल स्तर पर संगठनात्मक प्रभारियों की नियुक्ति की है। नगर कांग्रेस कमेटी, आकोला के अध्यक्ष अनिल सहलोत ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इन नियुक्तियों से क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

अनिल सहलोत ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी, चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष श्री प्रमोद सिंह सिसोदिया की अनुशंसा एवं अनुमोदन से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार पृथ्वीराज गुर्जर को कपासन विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार श्री निर्मल जैन को कपासन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ब्लॉक-ए), सुशील साहू को कपासन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ब्लॉक-बी) तथा श्री मनोज पारख को नगर कांग्रेस कमेटी कपासन एवं नगर कांग्रेस कमेटी आकोला का प्रभारी बनाया गया है। वहीं भेरूलाल गुर्जर, नारायणलाल अहीर एवं शंकरलाल गुर्जर को मंडल प्रभारियों का दायित्व सौंपा गया है।

उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों के माध्यम से कपासन विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी तथा कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं मजबूत होगा। उन्होंने सभी नवनियुक्त प्रभारियों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अनिल सहलोत ने बताया कि जिला संगठन महासचिव, जिला कांग्रेस कमेटी, चित्तौड़गढ़ श्री दिनेश चाष्टा के निर्देशानुसार सभी प्रभारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ब्लॉक, नगर एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन करना होगा। इसके साथ ही जनवरी 2026 से अब तक आयोजित कार्यक्रमों का माहवार एवं दिनांकवार प्रतिवेदन तैयार कर जिला कांग्रेस कमेटी को प्रस्तुत करना होगा।

उन्होंने कहा कि जुलाई माह की मासिक बैठक जुलाई के अंतिम सप्ताह अथवा अधिकतम 05 अगस्त, 2026 तक आयोजित की जाएगी। बैठक के एजेंडे में पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी, कार्यकारिणी गठन एवं कार्य-विभाजन, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, स्थानीय जनसमस्याओं पर संगठन की कार्ययोजना तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। इन नियुक्तियों और आगामी बैठकों के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story