चित्तौड़गढ़: जिला कलक्टर ने की साप्ताहिक समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
डॉ. मंजू ने पेयजल आपूर्ति, विद्युत कटौती रोकने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

चित्तौड़गढ़ जिला परिषद सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान मंच पर आसीन जिला कलक्टर डॉ. मंजू (बाएं से पहली), सीईओ विनय पाठक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
निम्बाहेडा। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में सोमवार को जिला परिषद के ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बजट घोषणाओं, विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं तथा विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी किसी प्रकार की समस्या नहीं रहनी चाहिए तथा पर्याप्त एवं सुचारू जलापूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बंद पड़े आरओ प्लांट शीघ्र प्रभाव से पुनः चालू कराने, हैंडपंपों के पास सोख्ता खड्डे बनवाने तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में गति लाने के भी निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने अघोषित बिजली कटौती को तत्काल रोकने, लंबित विद्युत कनेक्शनों का त्वरित निस्तारण करने, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग कार्य में तेजी लाने तथा बकाया बिजली बिलों की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम कुसुम योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने पर जोर दिया गया। साथ ही निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पेयजल नमूनों की नियमित जांच कराने, मौसमी बीमारियों पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य योजना, आभा आईडी एवं मा वाउचर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करने पर बल दिया।
रसद विभाग की समीक्षा के दौरान खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने तथा नए प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गंभीर निस्तारण पर विशेष जोर दिया। साथ ही शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई की भी समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, नगर विकास न्यास सचिव कैलाश गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, अजमेर विद्युत वितरण निगम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए विकास योजनाओं के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया, जिससे आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
