चित्तौड़गढ़ में वर्षाकाल के दौरान आमजन तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने को लेकर जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को समिति कक्ष में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु में किसी भी स्थिति में दूषित पेयजल की आपूर्ति नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि वर्षाकाल में जल स्रोतों के दूषित होने की संभावना अधिक रहती है। ऐसे में नियमित अंतराल पर पेयजल के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाए। जिन स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन नालियों अथवा सीवरेज लाइन के समीप से गुजर रही है, वहां विशेष रूप से निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार का प्रदूषित पानी पेयजल लाइन में प्रवेश नहीं कर सके।

उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

डॉ. मंजू ने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से कहा कि जिले में सूख चुके हैंडपंपों को पुनर्जीवित करने के लिए रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो सके और भूजल स्तर में सुधार आए।

बैठक में जल जीवन मिशन से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति, भुगतान की स्थिति तथा प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि लंबित भुगतान एवं शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक के प्रारंभ में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनीत गुप्ता ने पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जल जीवन मिशन के तहत जिले में संचालित कार्यों, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में अति कलक्टर दिनेश धाकड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वर्षाकाल के दौरान सुरक्षित पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता की सतत निगरानी और जल जीवन मिशन के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जिला प्रशासन ने विशेष जोर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story