चित्तौड़गढ़ जिला कलक्टर ने पुस्तकालय और सूचना केंद्र का किया औचक निरीक्षण
डॉ. मंजू ने विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुधारने और नेहरू बाजार स्थित बंद पड़ी लाइब्रेरी को पुनः शुरू करने के निर्देश दिए।

चित्तौड़गढ़ किला रोड स्थित जिला पुस्तकालय में रिकॉर्ड रूम का अवलोकन करतीं जिला कलक्टर डॉ. मंजू और साथ में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी।
चित्तौड़गढ़। अध्ययन और पठन-पाठन के वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बुधवार को किला रोड स्थित जिला पुस्तकालय एवं नेहरू बाजार स्थित सूचना केंद्र का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं पाठकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पुस्तकालय में टेबल-कुर्सी, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु यूआईटी एवं नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान एवं अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आने वाले पाठकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
इस दौरान जिला कलक्टर ने पुस्तकालय में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने नेहरू बाजार स्थित सूचना केंद्र का अवलोकन किया, जहां लंबे समय से बंद पड़ी लाइब्रेरी को शीघ्र पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यूआईटी एवं नगर परिषद को आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन एवं विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुधार कार्य प्राथमिकता एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, जिससे जिले में अध्ययन एवं पठन-पाठन का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, भूमि अवाप्ति अधिकारी अंशुल आमेरिया, नगर परिषद आयुक्त सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
