विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर साकार करने की प्रतिबद्धता के साथ जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय कर दिया है। बुधवार को वीसी के माध्यम से आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में जिला कलक्टर ने विकसित भारत शहरी एवं ग्रामीण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के समस्त उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता की, जहां अभियान की प्रगति का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। जिला कलक्टर ने जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत के व्यापक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ एक जाजम पर आकर कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा योजनाओं की सतत् मॉनिटरिंग के माध्यम से धरातलीय सुधार लाने हेतु पाबंद किया।

जिले के स्वरूप को निखारने के उद्देश्य से जिला कलक्टर ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें आयुक्त स्तर से नियमित निगरानी और फील्ड स्तर पर सक्रियता अनिवार्य है। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ कचरा प्रबंधन एवं डोर-टू-डोर कलेक्शन जैसे कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी उपखंड अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें और अपनी निर्धारित जिम्मेदारी के अनुरूप कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

पारदर्शिता और तत्परता को प्रशासन का मूल मंत्र बताते हुए डॉ. मंजू ने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में विलंब स्वीकार्य नहीं है, ताकि पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंच सके। उन्होंने आह्वान किया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रशासन के प्रयासों के साथ आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को इस अभियान से जोड़ें और उन्हें स्वच्छता एवं विकास के कार्यों में सहभागी बनने हेतु प्रेरित करें। बैठक के समापन पर जिला कलक्टर ने निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति और चित्तौड़गढ़ को विकास एवं स्वच्छता के मानचित्र पर अग्रणी बनाने हेतु सभी को प्रतिबद्धता के साथ जुटने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अति कलक्टर रामचंद्र खटीक, अति मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, अंशुल आमेरिया, एवं उपखंड अधिकारी बीनू देवल सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story