चित्तौड़गढ़: नवनियुक्त जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने संभाला कार्यभार
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. मंजू ने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल के क्रम में नवनियुक्त जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार को विधिवत रूप से चित्तौड़गढ़ जिले का पदभार ग्रहण कर लिया है। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरा पर अपनी नई पारी की शुरुआत करने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं डॉ. मंजू की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भव्य अगवानी की। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम, रामचंद्र खटीक, उपखण्ड अधिकारी बीनू देवल तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार संभालने की औपचारिकताओं को पूर्ण करने के उपरांत डॉ. मंजू ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों का संक्षिप्त अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर मीडिया से रूबरू होते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिले में यह उनकी दूसरी पोस्टिंग है, इससे पूर्व उन्होंने श्रीगंगानगर जिले में अपनी सेवाएं दी थीं। उन्होंने चित्तौड़गढ़ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराणा प्रताप, महाराणा कुंभा और भक्ति शिरोमणि मीराबाई की इस पावन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत वाली धरती पर कार्य करने का अवसर मिलना गौरव की बात है।
अपनी कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए डॉ. मंजू ने दृढ़ता से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का सफल क्रियान्वयन उनकी शीर्ष प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही, जिले की स्थानीय समस्याओं और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी चुनौतियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन की भूमिका को रेखांकित करते हुए विश्वास दिलाया कि आमजन की प्रशासन से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा किया जाएगा। जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण उनकी कार्यशैली का मुख्य केंद्र होगा, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉ. मंजू के पदभार ग्रहण करने से जिले में प्रशासनिक गतिशीलता और लोक कल्याणकारी कार्यों को नई दिशा मिलने की प्रबल संभावना है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
