चित्तौड़गढ़। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से नगर परिषद प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने की दिशा में लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर परिषद आयुक्त कृष्ण गोपाल माली ने प्रातःकालीन सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए। आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान जोन संख्या 5 एवं 6 के विभिन्न वार्डों, मुख्य मार्गों, नालियों तथा सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सफाई कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की गई, जिसमें 11 सफाई कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयुक्त कृष्ण गोपाल माली ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है।

आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं जमादारों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा कार्यस्थलों पर समयबद्ध उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण सफाई कार्य को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं बल्कि जिम्मेदार कार्यसंस्कृति और सामूहिक सहभागिता से ही संभव है। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक सूरज घावरी को भी क्षेत्रीय सफाई व्यवस्था पर निरंतर निगरानी बनाए रखने, आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने दोहराया कि सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर पूर्ण जिम्मेदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story