चित्तौड़गढ़। पूज्य सिंधी पंचायत एवं झुलेलाल युवा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चेटीचण्ड महोत्सव ने चित्तौड़गढ़ के पन्ना ट्यूरिस्ट बंगला स्थित मीरा मेरीज गार्डन में भव्यता का नया अध्याय लिख दिया। भगवान झुलेलाल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में समाज के नन्हे बच्चों और युवाओं ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व यूडीएच मंत्री व निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, नगर मण्डल अध्यक्ष गौरव त्यागी, दीपक शर्मा, सागर सोनी, संत गुरूदास उदासी, मनोहरलाल गुरनानी, हासानन्द दासानी, राम गुरबानी, बुधरमल भोजवानी एवं मोतीलाल खटवानी ने मंच की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ अतिथियों द्वारा भगवान झुलेलाल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात कमलेश खटवानी और योगेश भोजवानी के नेतृत्व में उपस्थित अतिथियों का उपरना व शाल ओढ़ाकर भावभीना स्वागत अभिनंदन किया गया। भक्तिमय गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत हुई, जिसके बाद आयोजित फैंसी ड्रेस शो में सिंधी समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं में मंच पर उतरकर अपनी मासूमियत और कला से उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।

कोरियाग्राफर करण कृपलानी के कुशल निर्देशन में तैयार समाज के बच्चों और युवाओं ने सिंधी भाषा के सुमधुर भजनों और गीतों पर झूमते हुए समां बांध दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में केवल धार्मिकता ही नहीं, बल्कि देशभक्ति और गौरवशाली इतिहास का भी संगम दिखा, जिसमें प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और रानी पद्मिनी के जौहर पर आधारित नृत्य एवं नाट्य कलाओं ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इन सजीव प्रस्तुतियों ने न केवल श्रोताओं को बल्कि मंचासीन अतिथियों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर समाज की उभरती प्रतिभाओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने चेटीचण्ड पर्व की बधाई देते हुए कहा कि सिंधी समाज ने विभाजन की विभीषिका को झेलने के उपरांत अपने कठोर परिश्रम और अटूट मेहनत के बल पर शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। आज यह समाज देश-विदेश में सफलता के महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न व्यंजनों और मनोरंजन की स्टालों ने उत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन कमल चंचलानी, शंकर वंगानी, रेशम भोजवानी व विन्नी वंगानी ने किया।

इस भव्य आयोजन के दौरान दोलत दासानी, जोधराज तनवानी, अनिल हरियानी, वासुदेव भोजवानी, चंद्र मलानी, शंकर वंगानी, हरीश गुरनानी, जैकी आहुजा, रवि मलानी, ललित वंगानी, जेपी वंगानी, जॉनी शर्मा, कमल चंचलानी, कपील मलानी, राजेश तुलसानी, तुलसीराम भोजवानी, टीकमचंद कृपलानी, हेमु नानवानी, टीकमचंद वासवानी, जयकिशन नेनवानी, मनोज रामचंदानी, प्रकाश लुलानी, देवेन्द्र जयसिंघानी, उमेश देवनानी, अजय आहुजा, बाबु अगनानी, हरीश ओडवानी, आशीष विधानी, सुरेश चंचलानी, धीरज भोजवानी, मोहन टेकचंदानी, राजकुमार सोनी, भारत चांदवानी, अनिल खटवानी, जीतू बलवानी, दिपेश वंगानी, दिलीव वंगानी, मनोज तुलसानी, भावेश नानवानी, सतीष विधानी, मनोज देवानी, वंदना वजीरानी, इंदु चंचलानी और राधिका मेठानी सहित बड़ी संख्या में सिंधी समाज के प्रबुद्धजन और मातृशक्ति उपस्थित रही। यह महोत्सव सिंधी संस्कृति के संरक्षण और भावी पीढ़ी के जुड़ाव का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story