देशभर के दवा व्यापारियों ने अपनी लंबित मांगों और ऑनलाइन फार्मा कंपनियों की मनमानी के खिलाफ आर-पार की जंग का बिगुल फूंक दिया है। राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) एवं प्रदेश केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन द्वारा घोषित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा बाजार बंद के समर्थन में अब चित्तौड़गढ़ जिला केमिस्ट एसोसिएशन ने भी पूर्ण सहभागिता का निर्णय लिया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आगामी 20 मई को जिले के समस्त दवा प्रतिष्ठान बंद रखने की आधिकारिक सूचना के साथ अपनी मांगों का ज्ञापन क्षेत्रीय सांसद एवं जिला कलेक्टर को सौंपकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया।

इस आंदोलन की पृष्ठभूमि को स्पष्ट करते हुए कन्हैयालाल गर्ग ने बताया कि केंद्र एवं राज्य स्तर पर विभिन्न प्राधिकरणों के समक्ष बार-बार निवेदन और गुहार लगाने के बावजूद औषधि व्यापार एवं जन स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले गंभीर मुद्दे अब तक अनसुलझे ही हैं। वर्तमान परिस्थितियों ने देश के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट्स तथा उनसे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लगभग 4 से 5 करोड़ आश्रितों की आजीविका पर गहरा संकट उत्पन्न कर दिया है। इसी संकट के विरोध स्वरूप एआईओसीडी ने 20 मई को राष्ट्रव्यापी बंद का कड़ा निर्णय लिया है।

व्यापारियों का मुख्य विरोध औषधि वितरण प्रणाली को छिन्न-भिन्न कर रही अवैध ई-फार्मेसियों की अनियंत्रित वृद्धि और बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा अपनाई जा रही प्रिडेटोरी मूल्य निर्धारण की प्रवृत्तियों के खिलाफ है। केमिस्टों का आरोप है कि बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा दी जा रही अत्यधिक छूट और बाजार बिगाड़ने वाली नीतियों के कारण छोटे एवं मध्यम श्रेणी के केमिस्ट्स के अस्तित्व पर तलवार लटक गई है। इसके अतिरिक्त, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स नियमों के अंतर्गत अनिवार्य सुरक्षा प्रावधानों को दरकिनार किए जाने पर भी गहरा रोष व्यक्त किया गया है। इस विरोध प्रदर्शन के केंद्र में मुख्य रूप से ऑनलाइन दवा बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, कॉरपोरेट्स के भारी डिस्काउंट पर प्रभावी लगाम कसने और नकली दवाओं के बढ़ते जाल से देश को सुरक्षित रखने का अभियान शामिल है।

ज्ञापन सौंपने और रणनीति निर्धारण के दौरान जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश मेहता, सुशील अग्रवाल, ओमप्रकाश भंडारी, अरविंद सोमानी, अरुण खाब्या, अनुराग द्विवेदी, बालमुकुन्द मेनारिया, राहुल तोतला, संजय विजयवर्गीय एवं राजेश खत्री सहित जिले के कई प्रमुख केमिस्ट व्यापारी उपस्थित रहे। यह बंद न केवल व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए है, बल्कि जन स्वास्थ्य से हो रहे खिलवाड़ को रोकने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story