चित्तौड़गढ़: चंदेरिया में गाय की संदिग्ध मौत, डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
खेत के पास संदिग्ध अवस्था में मृत मिली गाय के कंधे पर चोट के निशान मिले, पुलिस की उपस्थिति में गठित तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।

तस्वीर में जिला पशु चिकित्सालय परिसर के बाहर पुलिस और ग्रामीण आपस में बातचीत करते हुए।
गाय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला चंदेरिया थाना क्षेत्र में सामने आया है। गाय के दाहिने कंधे पर गड्ढेनुमा चोट का निशान मिलने के बाद गुरुवार को उसे जिला पशु चिकित्सालय लाया गया, जहां उपनिदेशक डॉ. मंगेश जोशी के नेतृत्व में तीन पशु चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया पुलिस की मौजूदगी में कराई गई। अब मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
चंदेरिया निवासी गजराज सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर गाय खेत से बाहर आई और अचानक गिर गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो गाय के दाहिने कंधे पर गड्ढेनुमा चोट का निशान दिखाई दिया और उसकी मौत हो चुकी थी। उस जगह पर कंकड़ भी भरे हुए थे।
मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए पहले एक पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया, लेकिन उस समय कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद गुरुवार को हिंदू संगठन के मुकेश नाहटा से संपर्क किया गया। उनकी सलाह पर गाय को जिला पशु चिकित्सालय लाया गया, ताकि पोस्टमार्टम के जरिए मौत की वजह का पता लगाया जा सके।
गाय को जिला पशु चिकित्सालय लाने के बाद उपनिदेशक डॉ. मंगेश जोशी ने पोस्टमार्टम के लिए तीन चिकित्सकों की मेडिकल टीम बनाई। टीम में डॉ. रुचि शर्मा, डॉ. संजय वर्मा और डॉ. मुकेश मीणा शामिल रहे। पोस्टमार्टम पुलिस की मौजूदगी में किया गया।
सूचना मिलने पर चंदेरिया थाना से एएसआई शंकरलाल जाब्ते के साथ चिकित्सालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
पशु चिकित्सालय के उपनिदेशक डॉ. जोशी ने बताया कि गाय को हॉस्पिटल लाने में काफी देर हो गई थी। इस दौरान खुले में पड़े रहने से कुत्तों ने उसके शरीर के कई हिस्सों को नोच लिया था, जिससे कुछ अंग भी गायब हो गए। ऐसे में जांच प्रभावित हो सकती है, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान सभी जरूरी बिंदुओं की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
