चित्तौड़गढ़ में बदमाशों ने दिनदहाड़े की चैन स्नैचिंग, दो महिलाओं को बनाया निशाना
चित्तौड़गढ़ के गांधीनगर और हजारेश्वर महादेव मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने दो वारदातों को दिया अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ शहर में गुरुवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े आतंक मचाते हुए महज कुछ ही मिनटों के अंतराल में चेन स्नैचिंग की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। इन घटनाओं ने न केवल पुलिसिया गश्त के दावों की पोल खोल दी है, बल्कि शहर की महिलाओं में भी भारी डर का माहौल पैदा कर दिया है। पहली वारदात की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है, जबकि दूसरी घटना की शिकार महिला इस कदर भयभीत हो गई कि बिना पुलिस को सूचना दिए सीधे अपने घर लौट गई।
वारदातों का सिलसिला गुरुवार सुबह उस वक्त शुरू हुआ जब शोभा अग्रवाल अपने छोटे भाई की पत्नी प्रतिभा अग्रवाल के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांधीनगर स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन में गणगौर पूजन के लिए जा रही थीं। अशोक अग्रवाल द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, जब उनकी पत्नी पुरुषार्थी और आयकर विभाग के बीच स्थित वित्त विभाग के पास पहुंचीं, तभी अचानक एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां आए। बदमाशों ने चलते वाहन के पास अत्यंत चालाकी से शोभा अग्रवाल के गले पर झपट्टा मारा और करीब पौन तौला वजन की सोने की चेन तोड़कर पलक झपकते ही फरार हो गए। यह घटना इतनी तीव्र गति से हुई कि दोनों महिलाएं संभल भी नहीं पाईं।
इस पहली घटना के कुछ ही मिनटों बाद, बदमाशों ने अपनी दूसरी वारदात को हजारेश्वर महादेव मंदिर के पास अंजाम दिया। यहाँ बाइक सवार दो बदमाशों ने एक अन्य महिला को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने महिला के गले से चेन छीनने का प्रयास किया, जिसका महिला ने बहादुरी से विरोध किया। छीना-झपटी के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, जिसके कारण पहली कोशिश में बदमाश नाकाम रहे। हालांकि, बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि बाइक के पीछे बैठा बदमाश नीचे उतरा और जमीन पर गिरी महिला के पास जाकर जबरन उसकी चेन छीन ली। इस खौफनाक अनुभव से महिला इतनी विचलित और घबरा गई कि उसने पुलिस को सूचित करना भी उचित नहीं समझा और सीधे अपने घर चली गई।
लगातार हुई इन दो सनसनीखेज वारदातों के बाद चित्तौड़गढ़ पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने पहली घटना के आधार पर मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है, क्योंकि दोनों घटनाओं का समय और अंजाम देने का तरीका लगभग एक समान है। पुलिस की विशेष टीमें घटनास्थल और शहर के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके। इन वारदातों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
