चित्तौड़गढ़ CET परीक्षा में प्रश्नपत्र घर नहीं ले जा सकेंगे अभ्यर्थी
अगले दिन प्रश्नपत्र लीक या साझा होने से रोकने के लिए यह नियम लागू किया गया है। इसके साथ बायोमेट्रिक जांच और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।

चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय के अंदर अधिकारी और कर्मचारी सीलबंद बक्सों की व्यवस्था करते दिख रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ जिले में समान पात्रता परीक्षा (CET) सीनियर सेकेंडरी स्तर 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 1 से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में इस बार सुरक्षा व्यवस्था के साथ नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अभ्यर्थी परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र अपने साथ घर नहीं ले जा सकेंगे। उन्हें प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र पर ही जमा कराना होगा।
कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित इस परीक्षा के प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार और शनिवार को चित्तौड़गढ़ पहुंच चुके हैं। इन्हें जिला कलेक्ट्रेट स्थित कोष कार्यालय के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्र से बाहर ले जाने पर रोक लगाने का उद्देश्य अगले दिन परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचने की आशंका को समाप्त करना है, ताकि नकल या पेपर साझा करने की संभावना न रहे।
परीक्षा 1, 2 और 3 दिसंबर को प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। दोनों पारियों में परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले ही केंद्रों में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 11 राजकीय और 7 निजी परीक्षा केंद्र शामिल हैं। प्रत्येक पारी में कुल 5,495 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें 3,263 अभ्यर्थी राजकीय केंद्रों पर और 2,232 अभ्यर्थी निजी केंद्रों पर बैठेंगे।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रतिदिन 18 उपसमन्वयक, 3 उड़नदस्ता दल, 25 पर्यवेक्षक और 580 वीक्षक तैनात किए जाएंगे। परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों की जांच और पहचान सत्यापन की व्यवस्था भी सख्त की गई है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। इसके बाद चेहरा पहचानने और अंगूठे के निशान के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन कर उपस्थिति दर्ज की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। यह पूरी व्यवस्था राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड की ओर से की जाएगी, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की आशंका कम की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक पुरुष और एक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 18 सशस्त्र पुलिसकर्मियों को उपसमन्वयकों के साथ लगाया गया है। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड करने के लिए 37 वीडियोग्राफर भी तैनात किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा परीक्षा से संबंधित सभी नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से लेकर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस तैनाती तक की व्यवस्थाओं के बीच चित्तौड़गढ़ में CET परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
