चित्तौड़गढ़। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जारी मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कपासन उपखंड की सिंहपुर ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र में संचालित जनगणना गतिविधियों का गहन अवलोकन किया और कार्य में लगे प्रगणकों एवं जनगणना पर्यवेक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा कर उन्हें पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय सीमा में कार्य संपादित करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने घर-घर जाकर डेटा संकलन की प्रक्रिया को बारीकी से समझा और संबंधित मकानों पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन भी किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना देश की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिस पर भविष्य की विकास योजनाएं एवं नीतियां पूरी तरह निर्भर करती हैं। उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परिवार से समुचित संवाद स्थापित कर प्रमाणिक एवं तथ्यात्मक जानकारी ही संकलित की जाए। किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

निरीक्षण के अवसर पर उप जिला जनगणना अधिकारी शबनम खोरवाल, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका एवं तहसीलदार व चार्ज अधिकारी मिर्जा नासिर बेग भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिला कलक्टर को क्षेत्र में संचालित जनगणना कार्यों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान जिला क्षेत्र प्रशिक्षक अश्विनी कुमार व्यास एवं प्रकाश चंद्र शर्मा ने प्रगणकों को तकनीकी सहायता प्रदान करते हुए जनगणना एप्लीकेशन में आने वाली संभावित त्रुटियों के समाधान एवं सुधार प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया, जिससे फील्ड स्तर पर कार्यरत कार्मिकों को तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण में सहायता मिल सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भी जनगणना दल को पूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए आवश्यक जानकारी साझा की। अंत में जिला प्रशासन द्वारा सभी कार्मिकों को समर्पण एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि यह राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story