कार की पिछली लाइट के पीछे छिपी थी अफीम की खेप, 18 किलो 200 ग्राम अवैध अफीम जब्त
बोहेड़ा गांव के पास लावारिस टाटा नेक्सॉन से 18 किलो 200 ग्राम अफीम बरामद हुई। पिछली लाइट के पीछे छिपे 29 पैकेटों ने खोला तस्करी का राज।

तस्वीर में दिख रही सफेद कार की डिक्की और पार्सल ट्रे पर भूरे रंग के टेप से लिपटे कई छोटे पैकेट रखे हुए हैं, जबकि नीचे स्टेपनी का हिस्सा खुला नजर आ रहा है।
चित्तौड़गढ़ में देशव्यापी नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो राजस्थान यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। सीबीएन की टीम ने जिले की बड़ी सादड़ी तहसील अंतर्गत बोहेड़ा गांव के पास एक लावारिस कार से 18 किलो 200 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्थान रजिस्ट्रेशन नंबर वाली सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार में अफीम की बड़ी खेप बाड़मेर क्षेत्र की ओर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डिवीजन-2 के अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्ध मार्गों पर निगरानी बढ़ाते हुए नाकाबंदी शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान अधिकारियों को एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। सुरक्षा बलों को देखते ही कार चालक ने अचानक वाहन की दिशा बदली और तेज रफ्तार से भागने लगा। टीम ने तत्काल वाहन का पीछा किया, लेकिन आगे रास्ता दो अलग-अलग दिशाओं में बंटने के कारण संदिग्ध वाहन नजरों से ओझल हो गया।
इसके बाद टीम ने रणनीति बदलते हुए खुद को दो समूहों में विभाजित किया। दोनों टीमों ने संभावित मार्गों और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार तलाशी के बाद एक टीम ने दूर से ही संदिग्ध कार को ढूंढ निकाला। टीम जब वाहन के पास पहुंची तो कार में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।
चालक की धरपकड़ के लिए एक टीम को सादे कपड़ों में कार के आसपास तैनात किया गया, जबकि दूसरी टीम चालक और वाहन मालिक की पहचान जुटाने में लग गई। काफी समय तक इंतजार करने के बावजूद कोई व्यक्ति कार का दावा करने नहीं आया। इसके बाद मौके पर कार की प्रारंभिक तलाशी ली गई, लेकिन वहां कुछ बरामद नहीं हुआ।
मौके पर कुछ नहीं मिलने के बाद वाहन को विस्तृत जांच के लिए सीबीएन कार्यालय लाया गया। वहां कार मैकेनिक की मदद से वाहन के एक-एक हिस्से की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि तस्करों ने कार की पिछली लाइट के पीछे एक विशेष गुप्त स्थान बना रखा था।
इस गुप्त स्थान की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखे गए 29 छोटे पैकेट बरामद हुए। पैकेटों की जांच करने पर इनमें कुल 18 किलो 200 ग्राम अवैध अफीम पाई गई। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ कर दिया है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
