चित्तौड़गढ़ में कार से 4 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद, सीबीएन ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा में सीबीएन ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर कार से 4 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सीबीएन कार्यालय परिसर में खड़ी वह कार, जिसमें से अवैध अफीम बरामद की गई।
चित्तौड़गढ़ जिले की रावतभाटा तहसील में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) राजस्थान यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 4 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय के उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई रावतभाटा तहसील के एकलिंगपुरा गांधीसागर रोड पर की गई।
उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुन्देल ने बताया कि सीबीएन को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर वाहन की पहचान कर एकलिंगपुरा मार्ग पर कार को रोक लिया। सुरक्षा एवं विधिक कारणों से मौके पर वाहन की तलाशी लेना उपयुक्त नहीं होने के कारण कार को सीबीएन कार्यालय कोटा लाया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यालय में विधि अनुसार तलाशी लेने पर कार से कुल 4 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद अवैध अफीम और संबंधित कार को जब्त कर लिया गया।
उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
