चित्तौड़गढ़: पंचायत चुनाव को लेकर बीजेपी की बैठक, हरीश द्विवेदी ने दिए जीत के मंत्र
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने निकाय चुनाव के अनुभव का उपयोग करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के निर्देश दिए।

चित्तौड़गढ़ में भाजपा कार्यालय के मंच पर बैठे पार्टी के नेता और कार्यकर्ता।
चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन ने गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित कर चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने कहा कि हाल ही में संपन्न निकाय चुनाव में संगठन और कार्यकर्ताओं ने जिस सक्रियता के साथ काम किया, उसी अनुभव का उपयोग पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों में किया जाना है। उन्होंने जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वार्डों में प्रभारी और संयोजक बनाते समय सक्रिय, अनुभवी तथा पर्याप्त समय देने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
द्विवेदी ने कहा कि चुनाव की तैयारी केवल प्रत्याशी चयन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना, मतदाता सूचियों का अध्ययन करना तथा नए मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों और प्रवासी मतदाताओं से संपर्क बढ़ाना भी जरूरी है। उन्होंने सभी वर्गों और क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने तथा जिन क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता कम है, वहां विशेष रूप से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक हो सकती है, लेकिन संगठन को स्थानीय परिस्थितियों और योग्यताओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशी का चयन करना होगा। टिकट किसी अन्य कार्यकर्ता को मिलने की स्थिति में भी सभी कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्णय के साथ खड़े होकर प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी ताकत से काम करना चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा ने संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में बूथ स्तर की तैयारी सबसे महत्वपूर्ण होगी। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी तथा विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंचायतीराज चुनाव के लिए एकजुट होकर तैयारी करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जिले में पंचायतीराज चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वार्डों में प्रभारी एवं संयोजकों की जिम्मेदारी तय करने के साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा।
जिला संगठन प्रभारी गोपाल कुमावत एवं सह प्रभारी नरेंद्र जैन ने भी बैठक को संबोधित किया। संचालन रघु शर्मा एवं आभार कैलाश मंत्री ने किया। इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।
बैठक में अशोक नवलखा, बद्रीलाल जाट, हर्षवर्धन सिंह रूद, गब्बर सिंह अहीर, सागर सोनी, सुशीला जीनगर, सभापति अनिल ईनाणी, निंबाहेडा सभापति शिल्पी भूतड़ा, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री केपी चुंडावत, सिमी खान, नंद किशोर लोहार, गोवर्धन जाट, मनोज पारिक, हरीश ईनाणी, आशिष शर्मा, कुलदीप चतुर्वेदी, संजू लड्डा, दीपक शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष मंडल, महामंत्री उपस्थित रहे। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, वार्डों में जिम्मेदारियां तय करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में जुटाने पर विशेष जोर दिया गया।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
